रेप पीड़ित बच्ची से मिले केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल, बोले- यह है बंगाल सरकार का वीभत्स चेहरा

1/9/2021 6:23:04 PM

नई दिल्ली: केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन राज्य मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने शुक्रवार को पश्चिम बंगाल के दौरे पर पहुंचे। वहां उन्होंने सिलीगुड़ी के नार्थ बंगाल मेडिकल कॉलेज में भर्ती दुष्कर्म की शिकार दस वर्षीय आदिवासी बच्ची का हालचाल जाना। उन्होंने पीड़ित बच्ची और उसके परिवार को ढांढस बंधाया और चिकित्सकों से भी बच्ची की सेहत के बारे में जानकारी ली उन्होंने चिकित्सकों को बच्ची के बेहतर उपचार का निर्देश भी दिया। इस दौरान मंत्री मेडिकल कॉलेज पहुंचे तो वहां गंदगी का ढेर देख नाराज हो गए। उन्होंने गुस्से भरे लहजे में कहा कि यह हाल तब है राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी खुद अपने पास स्वास्थ्य विभाग रखतीं हैं।



दस वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म का आरोप सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ता पर लगा है और पुलिस केस दर्ज नहीं कर रही थी बाद में भाजपा कार्यकर्ताओं के दबाव के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी को जेल भेजा। इस पर केंद्रीय राज्य मंत्री प्रहलाद पटेल ने कहा कि बंगाल की सरकार और तृणमूल का यह वीभत्स चेहरा है। महिला हो या मासूम बच्चियां, सभी के साथ अपराध हो रहे हैं। दार्जिलिंग के सांसद राजू बिष्ट ने उन्हें बताया कि इससे पूर्व भी सिलीगुड़ी में लड़कियों के साथ अपराध की कई घटनाएं हो चुकीं हैं। जलपाईगुड़ी के राजगंज में दो बहनों के साथ दुष्कर्म के बाद जहर दे दिया गया था, जिससे एक की मौत हो गई थी। 



गौरतलब है कि आदिवासी बच्ची के साथ दुष्कर्म के मामले में पहले पुलिस केस दर्ज नहीं कर रही थी। लेकिन भाजपा युवा मोर्चा के दबाव के बाद पुलिस ने केस दर्ज किया। इस मामले में गिरफ्तार हुआ युवक टीएमसी का ब्लाक अध्यक्ष बताया जाता है। पीड़िता परिवार से बातचीत के बाद केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने कहा कि बंगाल की संस्कृति काफी आदर्श मानी जाती रही है, बावजूद इसके ऐसी घटनाएं सरकार और कानून व्यवस्था को कलंकित करने वालीं हैं।

meena

This news is meena