शादी से 3 दिन पहले सड़क हादसे में टूट गए हाथ-पैर...अस्पताल में ब्याहने पहुंच गया दूल्हा, वरमाला पहनाकर भरी मांग
Sunday, Feb 19, 2023-03:14 PM (IST)
खंडवा(निशात सिद्दीकी) : मध्यप्रदेश के खंडवा में महाशिवरात्रि पर एक अनोखा विवाह हुआ। जिसने न केवल समाज को संदेश दिया बल्कि पति- पत्नी के अटूट रिश्ते की नींव रखी। शादी के तीन दिन पहले दुर्घटना में पैर और एक हाथ टूटने के बावजूद अस्पताल में भर्ती दुल्हन को दूल्हे ने वरमाला पहनाई। उसकी मांग में सिंदूर भरा और जीवन भर साथ देने का वादा किया। इस अनोखी शादी का गवाह अस्पताल का स्टाफ और दूल्हा दुल्हन का परिवार बना।
उज्जैन के भेरूघाट में रहने वाले राजेंद्र पिता सौदान चौधरी का विवाह जुलवानिया की शिवानी से तय हुआ था। दूल्हा-दुल्हन दोनों के परिवार के लोग और रिश्तेदार खंडवा जिले के भगवानपुरा के रहने वाले है। इसलिए दोनों की शादी खंडवा के पड़वा क्षेत्र स्थित धर्मशाला में होना तय हुई थी।
16 फरवरी को होना थी शादी
जहां 16 फरवरी को दोनों फेरे लेने वाले थे। लेकिन उसके पहले 13 फरवरी को शिवानी को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसा उस समय हुआ जब शिवानी अपने घर से दुकान पर कुछ सामान लेने जा रही थी। इस हादसे में शिवानी का एक पैर और हाथ बुरी तरह से जख्मी हो गए। उसे परिवार में बड़वानी के जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। यहां उपचार को लेकर संतुष्ट नहीं होने पर परिवार शिवानी को खंडवा ले आया। यहां अवस्थी चौराहे पर स्थित है। उसे भर्ती किया गया था।
बैड को मंडप की तरह सजाया
अस्पताल में शादी की तैयारियां सुबह से शुरु हो गई थी। यहां जनरल वार्ड में भर्ती शिवानी को दुल्हन का जोड़ा पहना गया। जेठानी मंजू ने अपने हाथों से उसे तैयार किया। उसका मेकअप कर गहने पहनाये। इसके साथ ही परिवार के लोगों ने बैड को एक मंडप की तरह सजा दिया। इसके बाद दोपहर 12:30 से 1:00 के बीच के मुहूर्त में पंडित ने राजेंद्र और शिवानी को विवाह बंधन में बांधा। राजेंद्र ने पहले शिवानी को माला पहनाई फिर शिवानी ने भी एक हाथ से राजेंद्र को माला पहनाई। इसके साथ ही राजेंद्र ने शिवानी की मांग भर दी। इस अनोखी शादी से दोनों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। परिवार लोगों ने तालियां बजाकर शादी का अभिवादन किया।