मध्यप्रदेश की 10 प्रमुख नदियों में प्रवाहित होंगी वाजपेयी की अस्थियां

8/21/2018 5:33:56 PM

भोपाल : पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की अस्थियां मध्यप्रदेश की 10 प्रमुख नदियों में प्रवाहित की जाएंगी। राज्य में जिन नदियों में अटल बिहारी वाजपेयी की अस्थियों को प्रवाहित किया जाएगा, उनमें नर्मदा, क्षिप्रा, ताप्ती, चम्बल, सोन, बेतवा, पार्वती, सिंध, पेंच और केन शामिल हैं। 

मध्यप्रदेश भाजपा के मीडिया प्रभारी लोकेन्द्र पाराशर ने बताया कि नौ नदियों के लिए अलग-अलग अस्थि कलश यात्राएं 23 अगस्त को सुबह आठ बजे भाजपा प्रदेश कार्यालय, भोपाल से एक साथ रवाना होंगी। सिर्फ चंबल नदी को जाने वाली अस्थि कलश यात्रा ग्वालियर से 22 अगस्त को प्रारंभ होगी।

उन्होंने कहा कि अटल जी का मध्यप्रदेश से गहरा नाता रहा है। प्रदेश के ग्वालियर में जन्मे वाजपेयी के जीवन के कई वर्ष मध्यप्रदेश में ही बीते हैं। इसी को दृष्टिगत रखते हुए प्रदेश की 10 प्रमुख नदियों में उनकी अस्थियों को प्रवाहित करने का निर्णय लिया गया है। 

पाराशर ने बताया कि अस्थि कलश यात्राओं के लिए पार्टी के प्रदेश कार्यालय ने पूरा कार्यक्रम तैयार कर लिया है। अलग-अलग नदियों के लिए जाने वाली अस्थि कलश यात्राएं किस मार्ग से होकर जाएंगी और कौन-कौन नेता अस्थि कलश लेकर जाएंगे, यह भी तय हो गया है।

उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के अनुसार पुण्य सलिला नर्मदा नदी में अस्थि प्रवाहित करने के लिए जाने वाली यात्रा में प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राकेश सिंह शामिल होंगे।
 

kamal

This news is kamal