विजयवर्गीय ने कमलनाथ और दिग्विजय को बताया चुन्नू-मुन्नू

10/14/2020 5:48:22 PM

इंदौर(सचिन बहरानी): मध्य प्रदेश में उपचुनाव से पहले बयानबाजी का दौर जारी है। अब भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष कैलाश विजयवर्गीय ने पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह व कमलनाथ को चुन्नू- मुन्नू बताया है और कहा कि ज्योतिरादित्य सिंधिया उनकी बातों में आ गए थे। सरकार बनाने के लिए पिछली विधानसभा चुनाव में सारी मेहनत सिंधिया ने की। कमलनाथ ने किसानों का कर्जा माफ नहीं किया और रोजगार नहीं दिया। उन्होंने जनता के साथ गद्दारी की इसीलिए सिंधिया ने चुन्नू मुन्नू को सड़क पा ला दिया। वे सांवेर उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी तुलसीराम सिलावट के नामांकन जमा करने के पहले बड़ी संख्या में पहुंचे कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। 



अपने तय समय से 1 घंटा लेट पहुंचे कैलाश विजयवर्गीय ने सबसे पहले भाजपा के पित्र पुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण किया। फिर आम सभा को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ एवं दिग्विजय सिंह को चुन्नू मुन्नू की संज्ञा दे डाली। उन्होंने आमसभा को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस की सरकार बनते ही प्रदेश में एक मुख्यमंत्री ट्रांसफर करने में लग गया और दूसरा मुख्यमंत्री जनता की सुध ना लेकर जनता के साथ लगातार धोखाधड़ी करता रहा।



विजयवर्गीय ने राहुल गांधी पर आरोप लगाते हुए कहा कि राहुल गांधी ने विधानसभा चुनाव में वादा किया था कि 10 दिन में यदि सभी किसानों का कर्ज माफ नहीं हुआ तो प्रदेश का मुख्यमंत्री बदल दिया जाएगा लेकिन ऐसा नहीं हो पाया। इन्हीं सभी मांगों को सिंधिया ने जोर-शोर से उठाया था जिसे लेकर सिंधिया ने अपने समर्थकों के साथ सड़क पर आने की बात कही थी जिस पर कमलनाथ ने उन्हें सड़क पर आने की चुनौती दी और इसी बात से क्षुब्ध होकर सिंधिया जी ने अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस पार्टी छोड़ दी और चुन्नू मुन्नू को रोड पर ला दिया।

विजयवर्गीय ने कहा कि प्रदेश की 28 सीटों पर हो रहे उप चुनाव देश के सबसे निर्णायक चुनाव में से एक है इस सीट से तुलसीराम सिलावट 50 हज़ार वोटों से ज्यादा मतों से विजयी होंगे। विजयवर्गीय के मुताबिक इस उप चुनाव में बहुत ही हल्के शब्दों का प्रयोग किया जा रहा है इतने हल्के शब्द आज तक किसी चुनाव में उपयोग नहीं किए गए। विजयवर्गीय ने यह भी कहा कि कमलनाथ हमारे साधारण से नेता और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह को भूखा नंगा कह रहे हैं , कमलनाथ  आप उंचे घराने में पैदा हुए है आपके पास कार है, बंगला है, फेक्ट्री है लेकिन हमारे मुख्यमंत्री किसान पुत्र हैं, मैं भी मिल मजदूर का बेटा हूं। हमें गरीबों और किसानों की समस्याओं की जानकारी है आप क्या जानें गरीबों का दर्द क्या होता है।

सांवेर में आमसभा को संबोधित करते हुए विजयवर्गीय ने कहा कि कांग्रेस में जो अच्छे लोग थे वे अब मोदी एक्सप्रेस में सवार हो गए। कांग्रेस का अब कोई भविष्य नहीं है। बता दें कि बीजेपी ने राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय को अपना स्टार प्रचारक बनाया है।

meena

This news is meena