विष्णुदेव साय होंगे छत्तीसगढ़ के नए मुख्यमंत्री, विधायक दल की बैठक में लगी मुहर

Sunday, Dec 10, 2023-05:01 PM (IST)

रायपुर: छत्तीसगढ़ में आज भाजपा ने नए मुख्यमंत्री का ऐलान कर दिया है। अब विष्णुदेव साय छत्तीसगढ़ के नए मुख्यमंत्री होंगे। रविवार को हुई विधायक दल की बैठक में यह फैसला लिया गया। इसके साथ ही कई दिनों से सीएम चेहरे को चल रही अटकलों पर भी विराम लग गया है। जल्द ही इसकी औपचारिक घोषणा भी कर दी जाएगी। दरअसल, मुख्यमंत्री विधायक दल का नेता चुनने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नवनिर्वाचित 54 विधायकों की रविवार को अहम बैठक हुई। इसमें सीएम फेस को लेकर चर्चा की गई और दिग्गज नेता विष्णुदेव साय के नाम पर मुहर लगाई गई।

PunjabKesari

इस बैठक में पार्टी के तीन पर्यवेक्षक केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा और सर्बानंद सोनोवाल तथा पार्टी महासचिव दुष्यंत कुमार गौतम बैठक मौजूद रहे। इसके अलावा पार्टी के छत्तीसगढ़ प्रभारी ओम माथुर, केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया और राज्य के लिए पार्टी के सह-प्रभारी नितिन नबीन भी वहां मौजूद रहे। 

PunjabKesari

विष्णुदेव साय का राजनीतिक सफर

तीन बार सांसद रहे विष्णु साय 2014 में मोदी सरकार में राज्य मंत्री रहे है। वे 1990 से अविभाजित मध्यप्रदेश विधानसभा के लिए तपकरा सीट से पहली बार विधायक चुने गए थे। विष्णु साय का जन्म 21 फरवरी 1964 में जशपुर जिले के बगिया गांव में एक किसान परिवार में हुआ था। उन्होंने 10वीं तक की पढ़ाई कुनकुरी स्थित लोयोला हायर सेकेंडरी स्कूल से की है। विष्णु साय ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरूआत 1989 में ग्राम पंचायत बगिया के पंच के रूप में की थी। विष्णु साय को राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री डा.रमन सिंह की भी पसन्द बताए जाते है। पार्टी ने उन्हें 2006 और 2020 में दो बार प्रदेश अध्यक्ष का दायित्व सौंपा था। वर्तमान में विष्णु साय भाजपा के राष्ट्रीय कार्य समिति के विशेष आमंत्रित सदस्य हैं।

PunjabKesari

बता दें कि छत्तीसगढ में भाजपा ने बिना सीएम फेस के चुनाव लड़ा था। भाजपा ने 54 सीटों के साथ शानदार जीत हासिल की। नतीजों के बाद ही सीएम फेस को लेकर कयासों का दौर जारी था। इस रेस में खुद रमन सिंह भी शामिल थे। साथ ही अरुण साव, ओपी चौधरी और रेणुका सिंह के नाम शामिल रहा। आदिवासी सीएम के रूप में पूर्व केंद्रीय मंत्री विष्णुदेव साय के साथ ही रेणुका सिंह का नाम आगे चल रहा था। लेकिन नतीजों के तकरीबन एक हफ्ते बाद छत्तीसगढ़ के सीएम फेस पर मुहर लग गई।

PunjabKesari

छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 90 में से 54 सीट जीती हैं। वहीं 2018 में 68 सीट जीतने वाली कांग्रेस 35 सीट पर सिमट गई है। गोंडवाना गणतंत्र पार्टी (जीजीपी) एक सीट जीतने में कामयाब रही। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

meena

Related News