विष्णुदत्त शर्मा ने कसा तंज- कांग्रेस के पास न तो मुद्दे हैं, न ही कार्यकर्ता

10/26/2021 8:08:50 PM

नेशनल डेस्कः भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की मध्य प्रदेश इकाई के अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने हमेशा से अल्पसंख्यकों को वोट बैंक माना और उनके लिए कुछ नहीं किया जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शासन में अल्पसंख्यकों का विकास हुआ इसलिए इन समुदायों का रुझान भाजपा की तरफ बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास न तो मुद्दे हैं, न ही कार्यकर्ता, केवल दो नेता बचे हैं। एक कमलनाथ जो भ्रष्टाचार में डूबे हैं और दूसरे दिग्विजय सिंह जो पहले ही बंटाधार हो चुके हैं।
 


प्रदेश में 30 अक्टूबर को होने वाले खंडवा लोकसभा उपचुनाव से पहले पंधाना में मंगलवार को पत्रकारों से बात करते हुए शर्मा ने कहा, ‘‘ कांग्रेस ने हमेशा से अल्पसंख्यकों को वोट बैंक माना है, लेकिन उनके लिए कुछ नहीं किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शासन में अल्पसंख्यकों का विकास हुआ है। मोदी सरकार के कार्यकाल में अल्पसंख्यक सबसे ज्यादा सुरक्षित हैं। इसीलिए मोदी जी की तरफ अल्पसंख्यकों का रुझान बढ़ रहा है।'' उन्होंने कहा कि कांग्रेस देशभर में अपना अस्तित्व खो रही है। पश्चिम बंगाल और असम के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस का सफाया हो गया है।

भाजपा नेता ने कहा, ''मध्य प्रदेश में एक मिस्टर बंटाधार (यह शब्द भाजपा अक्सर कांग्रेस के नेता दिग्विजय सिंह के लिए इस्तेमाल करती है) ने कांग्रेस को खत्म कर दिया और दूसरे (पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ) ने लोगों से झूठ बोला और झूठे वादे किए।''

शर्मा ने कहा कि कांग्रेस 2018 में भाजपा से सिर्फ चार सीटें अधिक लेकर मध्य प्रदेश में सत्ता में आई थी लेकिन यह 15 महीने में ही गिर गई क्योंकि यह झूठ पर खड़ी थी। ज्योतिरादित्य सिंधिया के करीबी विधायकों के कांग्रेस छोड़ने और भाजपा में शामिल होने से पिछले साल मार्च में कांग्रेस की कमलनाथ सरकार गिर गई थी। मध्य प्रदेश में खंडवा लोकसभा और तीन विधानसभा सीटों जोबट, रैगांव और पृथ्वीपुर में उपचुनाव हो रहे हैं। इसके तहत 30 अक्टूबर को मतदान और दो नवंबर को मतगणना होगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Yaspal

Recommended News

Related News