स्ट्रांग रूम के बाहर लैपटॉप चला रहा था BSF का जवान, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किया हंगामा

12/5/2018 12:55:07 PM

बेमेतरा: ईवीएम और स्ट्रांग रूम को लेकर उठा विवाद थमने का नाम ही नहीं ले रहा है। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में कृषि उपज मंडी में बनाए गए स्ट्रांग रूम में बीएसएफ के जवान को लैपटॉप चलाते देख वहां मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया। इसके बाद वहां के एसपी को सूचना दी गई जिसके बाद जवान का लैपटॉप जब्त कर लिया गया। 



कांग्रेस प्रत्याशी सुनील नामदेव रोज की तरह स्ट्रांग रूम की जांच करने पहुंचें थे। जहां उन्होंने देखा कि बीएसएफ का एक जवान लैपटॉप चला रहा था। जिसके बाद सुनील ने जवान से इसकी जानकारी मांगी तो उसने कहा कि, इसकी जानकारी केवल एसपी व कलेक्टर को ही दे सकते हैं। इसके बाद कांग्रेस प्रत्याशी सुनील को जवान पर शक होने लगा। उन्होंने कलेक्टर महादेव कावरे, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अवनीश राघव व पार्टी के अन्य लोगों को इसकी जानकारी दी। जिसके बाद कलेक्टर कावरे ने एसपी मनहर को मौके के लिए भेजा। एसपी ने पांच कांग्रेस कार्यकर्ताओं के सामने लैपटॉप का पंचनामा बनाया और उसे जब्त कर लिया। वहीं कांग्रेस जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अवनीश राघव ने बताया कि, निर्वाचन संहिता के अनुसार इलेक्ट्रॉनिक उपकरण का उपयोग स्ट्रांग रूम से 100 मीटर  के दायरे में नहीं किया जाना चाहिए। इस संबंध में बेमेतरा कलेक्टर ने कहा कि, मुझे मौखिक रूप से शिकायत मिली है इसके आधार पर जवान का लैपटॉप जब्त किया गया है। इसमें ईवीएम हैकिंग जैसी कोई बात नहीं है। 

Vikas kumar

This news is Vikas kumar