प्रेमी के साथ पकड़ी महिला, तो बाल काटे, चप्पलों की माला पहनाई और कंधे पर पति को बिठाकर निकाला जुलूस(video)
7/4/2022 5:25:03 PM
देवास(एहतेशाम कुरैशी): मध्य प्रदेश के देवास में एक शादीशुदा महिला को प्रेमी के साथ पकड़े जाने के बाद तालिबानी सजा सुनाई गई। पहले महिला के जमकर पिटाई की गई और बाल काटे गए फिर उसका जूतों की माना पहनाकर पूरे गांव के सामने अपने पति को कंधे पर बैठाकर गांव में घूमाना पड़ा। दिल दहला देने वाली यह घटना देवास जिले के पुंजापुरा के बोरपड़ाव की है। जहां घर से भागी महिला अपने प्रेमी के घर में पकड़ी गई। इसके बाद तो जैसे उसकी शामत ही आ गई। सारा गांव महिला के खिलाफ खड़ा हो गया। उसे इस कृत्य की ऐसी सजा दी गई कि वो जिंदगी भर नहीं भूल पाएगी। गांव में जमा भीड़ में से कुछ लोगों ने महिला के साथ मारपीट की, चप्पलों का हार भी पहनाया।
खुद पति ने भी सबके सामने पत्नी को पीटा। पिटाई के दौरान महिला जमीन पर भी गिरी, लेकिन मदद के बदले लोग हंसते रहे। इस दौरान कई लोग उसके सिर के बाल काटने की बात भी करते रहे। बाल खींचकर महिला को पीटने पर भी किसी का दिल नहीं पसीजा, बल्कि गांव के लोग तमाशा देखते रहे। एक बुजुर्ग ने मारने वालों को रोका भी लेकिन किसी ने उनकी सुनी ही नहीं।
ये शर्मनाक घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि महिला के तीन बच्चे हैं। गांव के एक व्यक्ति से उसका प्रेम प्रसंग था। 24 जून की रात को महिला घर से चली गई थी। पति ने आसपास ढूंढा तो वह नहीं मिली। उदयनगर थाने में गुमशुमदगी दर्ज करवाई गई। पता चला कि महिला गांव में ही प्रेमी के घर रह रही थी। पति व स्वजन ने प्रेमी के घर की तलाशी ली तो वह महिला पेटी में छुपकर बैठी थी।
इसके बाद महिला को बाहर निकालकर लाया गया और पूरे समाज के सामने शर्मनाक घटना को अंजाम दिया गया। गांव के लोग जमा हुए और महिला के पति को महिला के कंधे पर बैठाकर गांव में जुलूस निकाला गया। सूचना के बाद भी पुलिस मौके पर पहुंची और महिला की शिकायत पर 1 दर्जन से अधिक लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर 9 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि इसके बाद महिला को उसके मायके भेज दिया गया।