Punjab Kesari MP ads

महिला आरक्षण से आधी आबादी को मिलेगा पूरा हक, CM साय बोले- निर्णय प्रक्रिया में बढ़ेगी भागीदारी

Monday, Apr 13, 2026-04:53 PM (IST)

रायपुर (पुष्पेंद्र सिंह): छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि महिला आरक्षण से देश की आधी आबादी को उनका पूरा अधिकार मिलेगा और निर्णय प्रक्रिया में उनकी भागीदारी बढ़ेगी। उन्होंने इसे मातृशक्ति के लिए ऐतिहासिक क्षण बताते हुए कहा कि यह पहल भारत के लोकतांत्रिक ढांचे को और अधिक समावेशी और सशक्त बनाएगी।

मुख्यमंत्री साय ने राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में नई दिल्ली के विज्ञान भवन से प्रसारित ‘नारी शक्ति वंदन सम्मेलन’ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उद्बोधन को सुना। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ‘पंचायत से पार्लियामेंट तक’ महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करना नए भारत की दिशा को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि 16 अप्रैल को संसद में ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ पर होने वाली चर्चा इस ऐतिहासिक पहल को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण कदम है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की सांस्कृतिक परंपरा में नारी को सदैव उच्च स्थान मिला है और आज सरकार की योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाया जा रहा है।

छत्तीसगढ़ में महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए किए गए प्रयासों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि स्थानीय निकायों में 50 प्रतिशत आरक्षण से महिलाओं को नेतृत्व का अवसर मिला है। साथ ही ‘महतारी वंदन योजना’ जैसी योजनाएं महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से मजबूत बना रही हैं। मुख्यमंत्री ने प्रदेश की मातृशक्ति से आह्वान किया कि वे हर मंच पर अपनी भागीदारी बढ़ाएं और लोकतंत्र को मजबूत बनाने में अपनी भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि जब नारी सशक्त होती है, तभी राष्ट्र सशक्त बनता है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Vikas Tiwari

Related News