हनुमानगढ़ में एथेनॉल फैक्ट्री पर बवाल, किसानों का टिब्बी में हल्लाबोल का ऐलान
Thursday, Feb 12, 2026-02:33 PM (IST)
हनुमानगढ़। राठीखेड़ा में प्रस्तावित एथेनॉल फैक्ट्री के विरोध में तलवाड़ा की धान मंडी में हुई महापंचायत प्रशासन से वार्ता के बाद समाप्त हो गई। अब संघर्ष समिति की ओर से 23 मार्च को टिब्बी में हल्लाबोल कार्यक्रम की घोषणा की है। बुधवार को तलवाड़ा थाना में जिला कलेक्टर खुशाल यादव, एसपी हरिशंकर और अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने वार्ता की। उधर, संघर्ष समिति की ओर से किसान नेता मंगेज चौधरी, जगजीत सिंह जग्गी सहित 11 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने वार्ता की।
संघर्ष समिति की ओर से पहले की तरह दो मुद्दों पर अपनी बात रखी गई। इन लोगों ने एथेनॉल फैक्ट्री का एमओयू रद्द करने और आंदोलन के दौरान किसानों पर दर्ज हुए मुकदमे वापिस लेने की मांग की। प्रशासनिक अधिकारियों ने यह मांगें राज्य सरकार को भिजवाने की बात कही। इसके बाद महापंचायत को समाप्त कर दिया गया।
इससे पहले महापंचायत को संबोधित करते हुए किसान नेता मंगेज चौधरी, जगजीत सिंह जग्गी सहित अन्य वक्ताओं ने प्रशासन पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा कि पूर्व वार्ता में दिए गए आश्वासनों पर अब तक अमल नहीं हुआ है। इसीलिए आंदोलन जारी है। प्रशासन से वार्ता के पश्चात जगजीत सिंह जग्गी ने बताया कि 23 मार्च को टिब्बी में हल्लाबोल कार्यक्रम होगा। इसके तहत एसडीएम कार्यालय का घेराव किया जाएगा। हालांकि राज्य सरकार जनभावनाओं को समझते हुए निर्णय लेती है तो आंदोलन की आवश्यकता नहीं होगी। वहीं महापंचायत को देखते हुए सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस जाप्ता तैनात किया गया था। प्रशासनिक अधिकारी भी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

