रहस्यमयी खोज: बुरहानपुर अंडा बाजार में 20 फीट गहरी सुरंग, मुगलकालीन जुड़ाव की आशंका से उमड़ी भीड़
Friday, Sep 12, 2025-01:36 PM (IST)

बुरहानपुर। (राजवीर राठौर): मध्य प्रदेश के बुरहानपुर जिले की कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित अंडा बाजार में जनता हमाम के पीछे एक रहस्यमयी सुरंग मिलने से हड़कंप मच गया। बारिश के चलते बने गड्ढे की गहराई बढ़ने पर उसमें सुरंगनुमा संरचना दिखाई दी, जिसकी गहराई करीब 20 फीट है,स्थानीय लोगों का मानना है कि यह सुरंग मुगलकालीन हो सकती है।
क्योंकि आसपास कई मुगलकालीन इमारतें मौजूद हैं, इतिहासकार कमरुद्दीन फलक के अनुसार, यह सुरंग जनता हमाम से जुड़ी हो सकती है, जिसका निर्माण अब्दुल रहीम खान ए खाना ने आम जनता के लिए करवाया था।
नगर निगम द्वारा गड्ढे को भरने की कोशिश की जा रही है, लेकिन अधिक गहराई के कारण अब तक भराव पूरा नहीं हो सका है। इस रहस्यमयी सुरंग को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग उमड़ रहे हैं। केंद्रीय पुरातत्व विभाग मामले की जांच में जुटा है।