नशे के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 33.707 किलो गांजा और 3104 नशीली कैप्सूल-टेबलेट किए नष्ट
Tuesday, Jun 30, 2026-08:43 PM (IST)
खैरागढ़ (श्रेयांश सिंह) : केसीजी पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज मामलों में जब्त मादक पदार्थों का विधिवत नष्टीकरण कराया। जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल समिति की निगरानी में मंगलवार को ग्राम चिखलदाह स्थित बीबीसी राइस मिल परिसर में 19 अलग-अलग प्रकरणों में जब्त 33.707 किलोग्राम गांजा तथा 3104 नग नशीली कैप्सूल एवं टेबलेट नष्ट किए गए।
जानकारी के अनुसार, छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार गठित जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल समिति ने संबंधित प्रकरणों की समीक्षा के बाद न्यायालय से आवश्यक अनुमति प्राप्त की थी। इसके बाद समिति के सदस्यों और पंचों की उपस्थिति में गांजा को भट्ठी में जलाकर तथा नशीली कैप्सूल-टेबलेट को जेसीबी से दबाकर नष्ट किया गया।
पुलिस ने बताया कि कार्रवाई का उद्देश्य मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाना और जिले को नशामुक्त बनाने के अभियान को मजबूत करना है। पुलिस द्वारा नशे के विरुद्ध इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रखी जाएगी।

