बड़ी कार्रवाई: 19 हजार रुपये की रिश्वत लेते ग्राम रोजगार सहायक रंगे हाथ गिरफ्तार
Monday, Jul 27, 2026-08:38 PM (IST)
जबलपुर/भोपाल : मध्यप्रदेश लोकायुक्त पुलिस की जबलपुर इकाई ने जबलपुर जिले के बरगी क्षेत्र में एक ग्राम रोजगार सहायक को 19 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। लोकायुक्त सूत्रों के अनुसार ग्राम तिनसी निवासी राजकुमारी परस्ते ने आबादी भूमि पर मकान निर्माण के लिए पट्टा दिलाने के संबंध में ग्राम रोजगार सहायक दिलीप कुमार साहू से संपर्क किया था। आरोप है कि आरोपी ने पट्टे के स्थान पर अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) दिलाने के नाम पर 20 हजार रुपये रिश्वत की मांग की।
शिकायत मिलने पर लोकायुक्त पुलिस ने शिकायत का सत्यापन कराया। सत्यापन के दौरान आरोपी 20 हजार रुपये के स्थान पर 19 हजार रुपये लेने पर सहमत हो गया। इसके बाद सोमवार को लोकायुक्त की टीम ने ग्राम पंचायत भवन तिनसी में जाल बिछाकर आरोपी दिलीप कुमार साहू (41) को शिकायतकर्ता से 19 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7, 13(1)(बी) एवं 13(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर विधिक कारर्वाई की जा रही है। यह कारर्वाई पुलिस महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के निर्देश एवं पुलिस उप महानिरीक्षक लोकायुक्त मनोज सिंह के मार्गदर्शन में उप पुलिस अधीक्षक रेखा प्रजापति, निरीक्षक राहुल गजभिये तथा लोकायुक्त जबलपुर की टीम ने की।

