Punjab Kesari MP ads

ग्वालियर में बोले CM- 4.38 लाख करोड़ का ऐतिहासिक बजट: किसानों पर 1 लाख करोड़ की बरसात, मुफ्त दूध और जमीन रजिस्ट्री का ऐलान

Wednesday, Feb 18, 2026-08:15 PM (IST)

ग्वालियर: Mohan Yadav ने कहा है कि Narendra Modi के मार्गदर्शन में मध्यप्रदेश सरकार सभी वर्गों के कल्याण के लिए दृढ़ संकल्पित होकर कार्य कर रही है। मध्यप्रदेश विधानसभा में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 4 लाख 38 हजार करोड़ रुपए से अधिक का ऐतिहासिक बजट प्रस्तुत किया गया है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि कृषि कल्याण वर्ष के तहत प्रदेश के किसानों के लिए एक लाख करोड़ रुपए से अधिक का प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि यह किसानों के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का प्रमाण है। राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने के लिए पशुपालन और दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा दे रही है। ग्वालियर जिले के कुलैथ गांव में आयोजित विशाल किसान सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने 87 करोड़ 21 लाख रुपए से अधिक लागत के 41 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि-पूजन किया। साथ ही क्षेत्र के विकास के लिए कई बड़ी घोषणाएं भी कीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों की पट्टों वाली जमीन की रजिस्ट्री का खर्च सरकार स्वयं वहन करेगी, जिससे उन्हें बैंकिंग योजनाओं का लाभ मिल सके। साथ ही सोलर पंप वितरण और सिंचाई सुविधाओं के विस्तार पर भी जोर दिया गया। केन-बेतवा लिंक परियोजना से चंबल क्षेत्र को लाभ मिलने की बात भी उन्होंने कही। उन्होंने घोषणा की कि पहली से आठवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों को सुपोषण के लिए नि:शुल्क दूध उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए बजट में प्रावधान किया गया है। वहीं लाड़ली बहना योजना के लिए 23 हजार करोड़ रुपए से अधिक राशि आवंटित की गई है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने पारंपरिक लोकगीतों का आनंद लिया, लोक कलाकारों को सम्मानित किया और बैलगाड़ी दौड़ में शामिल किसानों का उत्साहवर्धन भी किया। कुलैथ क्षेत्र में सड़क, सामुदायिक भवन, खेल मैदान और उद्योग स्थापना जैसी कई सौगातों की घोषणा की गई।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Vikas Tiwari

Related News