Punjab Kesari MP ads

पांढुर्णा को 362 करोड़ की मेगा सौगात: CM मोहन यादव ने हनुमान लोक का किया लोकार्पण, विकास की रफ्तार तेज

Thursday, Mar 26, 2026-07:25 PM (IST)

पांढुर्णा: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पांढुर्णा जिले को 362 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की बड़ी सौगात दी है। जामसांवली मंदिर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्होंने श्री हनुमान लोक के प्रथम चरण का लोकार्पण करते हुए कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का भूमि-पूजन और उद्घाटन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ‘सच्चा वादा और पक्का काम’ के संकल्प के साथ विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश के प्रमुख धार्मिक स्थलों को धाम के रूप में विकसित किया जा रहा है और हनुमान लोक इसका प्रमुख उदाहरण है। इस अवसर पर 111 करोड़ 63 लाख रुपये की लागत से 31 कार्यों का लोकार्पण और 251 करोड़ 18 लाख रुपये की लागत से 33 कार्यों का भूमि-पूजन किया गया। इनमें संयुक्त जिला कार्यालय, जिला अस्पताल, पुलिस अधीक्षक कार्यालय और रेलवे ओवरब्रिज जैसे बड़े प्रोजेक्ट शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने पांढुर्णा में 10 एकड़ भूमि पर इंडोर और आउटडोर स्टेडियम निर्माण, महिला थाना स्थापना और जामसांवली में हनुमान लोक के दूसरे चरण के विकास की घोषणा भी की। साथ ही श्रद्धालुओं के लिए छोटे अस्पताल के निर्माण की भी बात कही। कार्यक्रम में किसानों को पट्टे, स्व-सहायता समूहों को ऋण स्वीकृति पत्र वितरित किए गए और प्राकृतिक खेती में उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों को सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के साथ मध्यप्रदेश भी तेजी से विकास कर रहा है और युवाओं को रोजगार के अवसर देने के लिए सरकार लगातार प्रयासरत है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Vikas Tiwari

Related News