प्रदेश के 5 लाख परिवारों के खाते में आ गए 500 करोड़,CM राशि देने के बाद बोले-जरा मोबाइल चैक करो,पैसे डाल दिए
Wednesday, Mar 25, 2026-02:32 PM (IST)
(बलौदाबाजार): दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना के तहत सीएम विष्णुदेव साय ने सौगात दे दी है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बुधवार को प्रदेश के भूमिहीन परिवारों को बड़ी आर्थिक राहत प्रदान कर दी है। दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना के तहत करीब 500 करोड़ रुपये सीधे हितग्राहियों के बैंक खातों में ट्रांसफर कर दिए गए ।
इस राशि से राज्य के लगभग 5 लाख भूमिहीन परिवार लाभान्वित हुए है। राशि अंतरण करने के बाद सीएम साय ने हितग्राहियों से वीडियो काल के जरिए बात की और राशि के बारे में पूछा। सीएम ने हितग्राहियों से कहा कि ,जरा अपने मोबाइल तो चैक करो, राशि पहुंच चुकी है। हितग्राहियों ने सीएम विष्णुदेव से बात की और कहा कि उन्हें राशि से काफी मदद मिलेगी।
राज्य के भूमिहीन कृषि मजदूर परिवारों को आर्थिक रूप से संबल बनाने की है ये योजना
छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा राज्य के भूमिहीन कृषि मजदूर परिवारों को आर्थिक रूप से संबल बनाने के लिए शुरू की गई एक प्रमुख योजना है। इस योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के भूमिहीन कृषि श्रमिकों को सशक्त बनाना है। इस योजना से सर्वाधिक रायपुर जिला के 53 हजार 338 भूमिहीन कृषि मजदूर और सबसे कम बीजापुर जिला से 1542 भूमिहीन कृषि मजदूर शामिल हैं। सरकार ने इन्हें मुख्यधारा से जोड़कर यह संदेश दिया है कि 'अंत्योदय' की कतार में खड़ा आखिरी पंक्ति के व्यक्ति भी शासन की प्राथमिकता में सबसे ऊपर है।
दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजनाके तहत 4.95 लाख से अधिक पात्र परिवारों के लिए राज्य सरकार की ओर से 495 करोड़ 96 लाख 50 हजार रुपये की राशि का प्रावधान किया गया है। भूमिहीन कृषि मजदूरों को प्रतिवर्ष 10 हजार रूपए की वित्तीय सहायता सीधे हितग्राही के बैंक खाते में दी जाती है। आज 25 मार्च 2026 को बलौदाबाजार से मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इन परिवारो को राशि का अंतरण किया है।

