8 आपराधिक मामलों के आरोपी को मिला BJP कार्यक्रम का जिम्मा, विवाद बढ़ा तो जिलाध्यक्ष बोले- हमें पता नहीं था
Monday, Oct 05, 2026-12:06 PM (IST)
टीकमगढ़। मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ में भारतीय जनता युवा मोर्चा के एक कार्यक्रम के लिए जारी की गई प्रभारियों की सूची अब राजनीतिक चर्चा का विषय बन गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर चल रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित किए जा रहे सेवा ज्योति अभियान में सावरकर मंडल से जुड़े एक व्यक्ति को जिम्मेदारी दिए जाने पर सवाल खड़े हुए हैं। सामने आई जानकारी के मुताबिक, संबंधित व्यक्ति के खिलाफ अलग-अलग थानों में आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
युवा मोर्चा की ओर से सोशल मीडिया पर जारी सूची में सावरकर मंडल के लिए दो नाम शामिल किए गए। इनमें सुभशेषा के साथ राहुल ठाकुर लिधोरा का नाम भी है। सूची सार्वजनिक होने के बाद राहुल ठाकुर को लेकर उनके खिलाफ दर्ज मामलों की जानकारी सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय बन गई।
राहुल ठाकुर के खिलाफ दर्ज हैं कई मामले
उपलब्ध जानकारी के अनुसार राहुल ठाकुर के खिलाफ अलग-अलग मामलों में बीएनएस की धारा 109, अवैध हथियार और आबकारी अधिनियम से जुड़े प्रकरण दर्ज बताए गए हैं। उनके खिलाफ पूर्व में प्रतिबंधात्मक कार्रवाई किए जाने की बात भी सामने आई है। इसके अलावा मारपीट और हथियारों से जुड़े कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने का दावा भी किया जा रहा है।
इसी वजह से सवाल उठ रहा है कि भाजपा के युवा संगठन से जुड़े प्रधानमंत्री के जन्मदिन कार्यक्रम में ऐसे व्यक्ति को जिम्मेदारी कैसे दी गई, जबकि उसके खिलाफ आपराधिक प्रकरणों की जानकारी मौजूद है।
राहुल ठाकुर ने आरोपों पर दी सफाई
मामले को लेकर राहुल ठाकुर ने अपने ऊपर लगे सवालों पर सफाई दी है। उनका कहना है कि उनके खिलाफ दर्ज मामले पुराने हैं और जिन लोगों की ओर से उनके खिलाफ शिकायतें की जा रही हैं, उनके खिलाफ भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। राहुल का यह भी कहना है कि उन्हें पहले राजनीतिक रूप से कांग्रेस से जोड़कर देखा गया था।
जिलाध्यक्ष बोले- जानकारी नहीं थी
विवाद बढ़ने के बाद भारतीय जनता युवा मोर्चा के टीकमगढ़ जिलाध्यक्ष संकल्प जैन ने इस मामले में सफाई दी। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर जारी सूची को किसी मंडल का स्थायी प्रभारी नियुक्त किए जाने की सूची नहीं समझा जाना चाहिए। उनके मुताबिक, सेवा ज्योति अभियान के तहत होने वाली एक बैठक के लिए जिम्मेदारियां तय की गई थीं। जिलाध्यक्ष ने यह भी कहा कि राहुल ठाकुर के खिलाफ दर्ज मामलों की जानकारी उन्हें पहले नहीं थी। जानकारी सामने आने के बाद संबंधित व्यक्ति को इस जिम्मेदारी से हटाए जाने की बात उन्होंने कही।
सोशल मीडिया पोस्ट के बाद बढ़ा विवाद
खास बात यह है कि युवा मोर्चा की ओर से जारी सूची में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर, सागर संभाग प्रभारी गौरव रणदिवे, भाजपा मध्य प्रदेश और टीकमगढ़ भाजपा जिलाध्यक्ष सरोज राजपूत समेत कई आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट को टैग किया गया था।
अब यह मामला सिर्फ एक कार्यक्रम की जिम्मेदारी तक सीमित नहीं रह गया है। आपराधिक मामलों में नाम सामने आने के बाद पार्टी संगठन की ओर से जिम्मेदारी तय करने की प्रक्रिया पर भी सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, संबंधित मामलों की अंतिम स्थिति और आरोपों पर न्यायालय का निर्णय अलग विषय है। संगठन की ओर से फिलहाल यह स्पष्ट किया गया है कि यह स्थायी मंडल प्रभारी की नियुक्ति नहीं, बल्कि एक बैठक से जुड़ी जिम्मेदारी थी।

