दृश्यम फिल्म देखकर मर्डर की खौफनाक साजिश, दोस्त की बहन से हुआ प्यार, रोका तो मार दी गोली
Saturday, May 17, 2025-05:11 PM (IST)

इंदौर। (सचिन बहरानी): मध्य प्रदेश के इंदौर की खुड़ैल पुलिस ने एक अंधे कत्ल का खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार किया है। वहीं डीएसपी उमाकांत चौधरी ने जानकारी देते हुए बताया कि 15 दिन पहले मृतक के परिजन ने विशाल की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसके बाद विशाल के मोबाइल से मैसेज आया कि मैं सांवरिया सेठ के दर्शन करने जा रहा हूं। लेकिन विशाल से परिजन की फोन पर बात नहीं हो पा रही थी वहीं पुलिस को मुखबिर के माध्यम से सूचना मिली की रोहित नाम के युवक ने विशाल की गोली मारकर हत्या कर दी और लाश को नदी किनारे दफना कर ठिकाने लगा दिया है।
पुलिस ने मौके पर जाकर देखा और लाश को गड्ढा खोदकर बरामद किया और आरोपी रोहित को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इस पूरे ही मामले में पुलिस ने हत्या करने वाले मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। तीन आरोपी अभी भी फरार चल रहे हैं, दरअसल मृतक और रोहित आपस में दोस्त थे।
मृतक विशाल की बहन से रोहित का प्रेम प्रसंग चल रहा था जब इसकी जानकारी उसके भाई को लगी तो रोहित ने विशाल की गोली मारकर हत्या कर दी थी। फिलहाल पुलिस हत्या के मामले में फरार चल रहे 3 आरोपियों की तलाश कर रही है। हत्या के बाद पुलिस को गुमराह करने के लिए आरोपी ने मृतक के मोबाइल से झूठे मैसेज भेजे थे।