MP में जज की कार पर जानलेवा हमला! बदमाश ने बाइक अड़ाकर रोकी गाड़ी

Tuesday, Mar 03, 2026-09:12 PM (IST)

भोपाल : मध्य प्रदेश में बदमाशों के हौसले किस कदर बुलंद है, इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि अब मजिस्ट्रेट जैसे बड़े अधिकारी भी सुरक्षित नहीं है। मामला दतिया जिले की भांडेर का है जहां सरेराह मजिस्ट्रेट की गाड़ी रोककर उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई। घटना सोमवार शाम की है, जब मजिस्ट्रेट साहब न्यायालय से अपने घर लौट रहे थे। बाइक सवार एक अज्ञात युवक ने पहले उनकी कार को जबरन रुकवाया और फिर अभद्रता करते हुए जान से मारने की धमकी दी। आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहा और अभी तक पुलिस की पहुंच से बाहर है।

बाइक अड़ाकर रोकी कार

फरियादी गोलू शर्मा ने पुलिस को बताया कि वह मजिस्ट्रेट की कार चला रहा था। उनके साथ न्यायिक कर्मचारी दयाशंकर शर्मा भी मौजूद थे। शाम करीब 5:45 बजे जैसे ही कार तहसील कार्यालय के सामने पहुंची, तभी एक अज्ञात बाइक सवार ने जानबूझकर गाड़ी के आगे बाइक लगा दी। कार रोकने पर आरोपी गाली-गलौज करने लगा और कार के कांच पर मुक्के मारने लगा। अचानक हुई इस घटना से कार में सवार सभी लोग घबरा गए।

मजिस्ट्रेट को दी जान से मारने की धमकी

आरोपी ने कार में बैठे मजिस्ट्रेट को सीधे तौर पर जान से मारने की धमकी दी। विवाद बढ़ता देख मौके पर लोगों की भीड़ जुटने लगी। लोगों को देख आरोपी बाइक लेकर वहां से फरार हो गया। न्यायिक अधिकारी के साथ इस तरह की घटना ने स्थानीय स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर प्रश्न खड़े कर दिए हैं।

पुलिस ने दर्ज किया मामला, CCTV खंगाले जा रहे

घटना की सूचना मिलते ही दतिया पुलिस हरकत में आई। चालक गोलू शर्मा की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपी की पहचान की जा सके। भांडेर के पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं और मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

meena

Related News