Gold Price Crash: सोने में 10 फीसदी से ज्यादा गिरावट, इस वजह अपनी चमक खो रहा सोना
Saturday, Apr 04, 2026-07:48 PM (IST)
(डेस्क): पिछले कुछ समय से कीमती धातु सोना अपनी चमक खो रहा है। सोने की कीमतों में अप्रत्याशित गिरावट देखी जा रही है। गौर करने वाली बात है कि मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच जहां आमतौर पर सोने की कीमतों में तेजी देखने को मिलती है, वहीं इस बार विपरीत ही ट्रेंड देखने को मिला है। मार्च के दौरान सोने की कीमतों में गिरावट ने निवेशकों को चौंका दिया है, जिससे बाजार में नई अनिश्चितता पैदा हो गई है। अब Morgan Stanley ने इसकी पीछे के कई अहम कारणों का खुलासा किया है।
चमकदार धातु में एक महीने में 10% से ज्यादा गिरावट
इजरायल, ईरान अमेरिका के बीच जारी युद्ध के बाद 2 मार्च को एमसीएक्स पर गोल्ड फ्यूचर्स ₹1,67,090 प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गया था। हालांकि, 2 अप्रैल तक यह गिरकर ₹1,49,680 पर आ गया। इस दौरान सोने में 10% से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई।
सोने की गिरावट के पीछे डॉलर की मजबूती बड़ी वजह
वहीं Morgan Stanley के एनालिस्ट्स के मुताबिक सोने की गिरावट की मुख्य वजह अमेरिकी डॉलर में आई मजबूती है क्योंकि डॉलर मजबूत होने से दूसरी मुद्राओं में सोना महंगा हो जाता है, जिससे इसकी मांग घटती है।
इसके साथ ही मध्यपूर्व तनाव के चलते कच्चे तेल की कीमतों में उछाल आया है, जिससे महंगाई बढ़ने का खतरा है। ऐसे में फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों में कटौती की उम्मीद कम हो गई है। शेयर बाजार में गिरावट के चलते निवेशकों पर मार्जिन कॉल का दबाव बढ़ा है। ऐसे में कई निवेशक नकदी जुटाने के लिए सोना बेच रहे हैं, जिससे कीमतों पर और दबाव आया है। वहीं एक बात और गौर करने वाली है कि अक्सर शेयर बाजार में गिरावट के दौरान सोना मजबूत होता देखा जाता है , लेकिन इस बार दोनों में कमजोरी देखने को मिल रही है।

