मंत्री का फूटा गुस्सा! बोले - मंत्री को मजाक बना रखा है? अफसर गायब, कमिश्नर को लगाई फटकार
Saturday, Apr 11, 2026-03:49 PM (IST)
ग्वालियर (अंकुर जैन): मध्य प्रदेश के ग्वालियर में भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान उस वक्त हंगामे की स्थिति बन गई, जब मंत्री नारायण सिंह कुशवाह अधिकारियों की गैरमौजूदगी पर भड़क उठे। मंत्री एक वार्ड में भूमिपूजन के लिए पहुंचे थे, लेकिन मौके पर कोई जिम्मेदार अधिकारी मौजूद नहीं मिला। केवल पंप ऑपरेटर की मौजूदगी से नाराज मंत्री ने इसे गंभीर लापरवाही बताया।
मंत्री ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि वे भूमिपूजन के लिए आए हैं, लेकिन यहां कोई अधिकारी मौजूद नहीं है। इस पर उन्होंने तुरंत कार्रवाई करते हुए संबंधित जोनल ऑफिसर को हटाने के निर्देश दिए।
इतना ही नहीं, मंत्री ने नगर निगम कमिश्नर संघप्रिय को भी जमकर फटकार लगाई और सख्त लहजे में कहा कि यदि कार्रवाई नहीं हो सकती तो उन्हें साफ बता दिया जाए, अन्यथा वे आगे उनसे बात नहीं करेंगे।
बताया जा रहा है कि मंत्री कांग्रेस पार्षद के वार्ड में कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे, जहां इस पूरे घटनाक्रम ने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है।

