बैतूल में विवाद में युवक पर चाकू से हमला, हालत गंभीर..

Saturday, Jun 28, 2025-04:26 PM (IST)

बैतूल। (रामकिशोर पवार): मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में गंज थाना क्षेत्र अंतर्गत खंजनपुर क्षेत्र में शनिवार को आपसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जब दो युवकों ने एक 19 वर्षीय युवक पर चाकुओं से हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल जिला अस्पताल के पुरुष सर्जिकल वार्ड में भर्ती कराया गया है। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार घायल युवक धनंजय पिता जगदीश यादव, उम्र 19 वर्ष, निवासी दुर्ग वार्ड, थाना गंज ने बताया कि शुक्रवार देर रात लगभग 11 बजे वह अपने घर पर मौजूद था, तभी दो बाइकों पर सवार चार से पांच युवक उसके घर के बाहर आए और पत्थरबाजी करने लगे। इसके साथ ही उन्होंने गाली-गलौज भी की। जब घर के सदस्य बाहर निकले तो सभी युवक मौके से भाग गए।

PunjabKesariइस घटना को लेकर धनंजय ने सुबह अपने मोहल्ले में मौजूद कुछ युवकों से बातचीत करने का निर्णय लिया। शनिवार सुबह करीब 9 से 10 बजे के बीच, धनंजय अपने एक दोस्त के साथ उन युवकों के पास पहुंचा और पूछा कि उनके घर पर पत्थर क्यों मारे गए। बातचीत के दौरान अचानक दो युवकों ने उस पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। धनंजय को चाकू के वार से चार से पांच जगहों पर गहरी चोटें आईं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों द्वारा उसे तत्काल जिला अस्पताल बैतूल लाया गया, जहां उसकी हालत को देखते हुए उसे पुरुष सर्जिकल वार्ड में भर्ती किया गया है जहां डॉक्टरों द्वारा घायल का उपचार किया जा रहा है।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गंज थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है। खंजनपुर में हुई यह वारदात क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। दिनदहाड़े चाकू से हमले की यह घटना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है। पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई और न्याय की उम्मीद के साथ परिजन और स्थानीय लोग आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News