MP में अवैध शराब पकड़ने पहुंची आबकारी टीम पर जानलेवा हमला! छतों से बरसाए पत्थर, सरकारी गाड़ियां तोड़ीं
Saturday, Nov 28, 2026-01:05 PM (IST)
उज्जैन। (विशाल सिंह): मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची आबकारी विभाग की टीम पर हमले का मामला सामने आया है। माकड़ोन थाना क्षेत्र के सालनाखेड़ी गांव में आरोपियों ने आबकारी टीम पर छतों से पत्थर बरसाए। अचानक हुए हमले के चलते कर्मचारियों को जान बचाकर मौके से भागना पड़ा। इस दौरान सरकारी वाहनों में तोड़फोड़ की गई और जब्त की जा रही शराब के साथ नकदी व जरूरी दस्तावेज भी लूट लिए गए।
जानकारी के मुताबिक, तराना आबकारी वृत्त की उप निरीक्षक रानी सिंह अपनी टीम के साथ गश्त पर थीं। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि सालनाखेड़ी निवासी जगदीश चौहान अवैध रूप से कच्ची शराब का कारोबार कर रहा है।
सूचना के आधार पर आबकारी टीम जगदीश चौहान के घर पहुंची और तलाशी ली। इस दौरान उसके झोले से कच्ची शराब के पाउच बरामद हुए। टीम जब नियमानुसार कार्रवाई कर रही थी, तभी जगदीश ने अपने परिजनों और अन्य साथियों को मौके पर बुला लिया।
आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने आबकारी विभाग के कर्मचारियों के साथ मारपीट शुरू कर दी। इतना ही नहीं, छतों से पथराव भी किया गया। अचानक हुए हमले से बचने के लिए टीम के कर्मचारियों को मौके से पीछे हटना पड़ा। हमलावरों ने इस दौरान सरकारी वाहनों में जमकर तोड़फोड़ की। आरोप है कि जब्त की जा रही शराब के अलावा नकदी, पर्स, आईडी कार्ड और अन्य जरूरी दस्तावेज भी लूट लिए गए।
घटना के बाद उप निरीक्षक रानी सिंह की शिकायत पर माकड़ोन थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी जगदीश चौहान (43) और उसके बेटे कुलदीप चौहान (19) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। वहीं, गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड लेने की तैयारी कर रही है।

