BJP विधायक का काला कारनामा! वेयरहाउस में स्टॉक कर रखा था 6522 क्विंटल गेहूं, विभाग ने की बड़ी कार्रवाई
Thursday, Apr 02, 2026-08:20 PM (IST)
भोपाल : मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के बैरसिया क्षेत्र में भाजपा विधायक विष्णु खत्री के भागवती वेयरहाउस को खाद्य विभाग ने ब्लैकलिस्ट कर दिया है। इस वेयरहाउस में सरकारी खरीदी शुरू होने से पहले ही 6522.50 क्विंटल गेहूं पाए जाने के बाद यह कारर्वाई की गई है। खाद्य विभाग के अनुसार शिकायत मिलने पर अपर मुख्य सचिव के निर्देश पर जांच समिति गठित की गई थी। जांच में वेयरहाउस में बड़ी मात्रा में गेहूं संग्रहित पाया गया, जिसमें करीब 5 हजार क्विंटल गेहूं 50-50 किलो के नए बोरों में भरा था, जबकि लगभग 550 क्विंटल गेहूं खुले में रखा मिला। कुल गेहूं की कीमत करीब 1.43 करोड़ रुपए आंकी गई है।
फूड कंट्रोलर चंद्रभान सिंह जादौन ने बताया कि संबंधित वेयरहाउस को इस वर्ष की सरकारी गेहूं खरीदी से अलग कर दिया गया है। साथ ही जिस सहकारी समिति ने बारदाना उपलब्ध कराया था, उसे भी ब्लैकलिस्ट किया गया है। जांच में यह भी सामने आया कि खरीदी शुरू होने से पहले ही शासकीय बारदानों में किसानों का गेहूं अवैध रूप से भंडारित किया गया था, जिससे वेयरहाउस प्रबंधक और समिति प्रबंधक की मिलीभगत पाई गई। जांच समिति ने निर्णय लिया है कि जिन किसानों ने इस वेयरहाउस में गेहूं बेचा था, उनसे अब खरीदी नहीं की जाएगी तथा नागरिक आपूर्ति निगम को बारदाना वापस किया जाएगा।
इस मामले के सामने आने के बाद खाद्य विभाग ने क्षेत्र के अन्य वेयरहाउसों की भी जांच शुरू कर दी है और एक अन्य स्थान पर भी गेहूं का स्टॉक मिलने की जानकारी सामने आई है। उल्लेखनीय है कि भोपाल जिले में 10 अप्रैल से 92 केंद्रों पर गेहूं खरीदी शुरू होने वाली है।

