रैपिडो ड्राइवर की जागी हवस! युवती को लॉज में ले जाकर किया घिनौना कांड, फिर धमकी देकर फरार
Saturday, Oct 31, 2026-02:13 PM (IST)
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में महिला सुरक्षा को लेकर गंभीर मामला सामने आया है। यहां एक निजी बीमा कंपनी में काम करने वाली 25 वर्षीय युवती के साथ दुष्कर्म किए जाने का आरोप लगा है। आरोप है कि रैपिडो बाइक चलाने वाले युवक ने पहले युवती से ग्राहक बनकर संपर्क बढ़ाया और फिर बीमा पॉलिसी खरीदने के बहाने उसे एक लॉज में बुलाकर वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद आरोपी युवती को धमकाते हुए मौके से फरार हो गया। पीड़िता की शिकायत पर तारबाहर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। वहीं, लॉज में युवक का पहचान पत्र जमा नहीं कराने के मामले में संचालक की भूमिका भी पुलिस जांच के दायरे में आ गई है।
रेलवे स्टेशन छोड़ने के दौरान हुई थी पहचान
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कोरबा निवासी युवती बिलासपुर के व्यापार विहार स्थित एक निजी लाइफ इंश्योरेंस कंपनी में कार्यरत है। उसका काम लोगों से संपर्क कर उन्हें बीमा पॉलिसियों की जानकारी देना और ग्राहक बनाना है।
बताया गया कि 27 अक्टूबर को युवती ने रायपुर जाने के लिए रैपिडो बाइक बुक की थी। इस दौरान दयालबंद निवासी अभिषेक सलूजा उसे बाइक से रेलवे स्टेशन छोड़ने पहुंचा। सफर के दौरान दोनों के बीच बातचीत हुई और युवक ने युवती का मोबाइल नंबर ले लिया। बातचीत में युवती ने उसे अपने काम और बीमा योजनाओं के बारे में भी बताया था।
पॉलिसी खरीदने की बात कहकर बुलाया
आरोप है कि अगले दिन 28 अक्टूबर को युवक ने युवती को फोन कर बीमा पॉलिसी की जानकारी लेने के लिए बुलाया। युवती जब उससे मिली तो उसने दिवाली से पहले पॉलिसी लेने की इच्छा जताई। इसके बाद युवक ने भीड़ और शोरगुल का हवाला देते हुए किसी शांत जगह पर बैठकर योजना समझाने की बात कही।
युवती उसकी बातों पर भरोसा कर उसके साथ चली गई। आरोप है कि युवक उसे स्टेशन रोड स्थित एक लॉज में लेकर पहुंचा। वहां कमरे में बातचीत के दौरान उसने दरवाजा अंदर से बंद कर लिया और युवती के साथ जबरदस्ती की। पीड़िता ने विरोध किया तो आरोपी ने उसे धमकाया और फिर मौके से भाग गया।
आरोपी की तलाश में पुलिस की दबिश
घटना के बाद युवती ने पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। एडिशनल एसपी पंकज पटेल के मुताबिक, शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया गया है। पुलिस टीम ने आरोपी के घर पर भी दबिश दी, लेकिन जानकारी मिली कि परिजनों ने उसे घर से निकाल दिया है। फिलहाल पुलिस उसके संभावित ठिकानों की तलाश कर रही है।
लॉज संचालक की लापरवाही भी जांच के घेरे में
इस मामले में लॉज प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठे हैं। टीआई सनिप रात्रे के अनुसार, पीड़िता ने बताया कि लॉज में उससे पहचान पत्र लिया गया था, लेकिन युवक से कोई आईडी नहीं मांगी गई। पुलिस पूछताछ में संचालक ने बताया कि युवक स्थानीय निवासी था, इसलिए उसका पहचान पत्र नहीं लिया गया। पुलिस अब इस लापरवाही को लेकर लॉज संचालक को नोटिस जारी करने और नियमानुसार कार्रवाई करने की तैयारी में है। फिलहाल मामले में आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।

