Punjab Kesari MP ads

जज्बे और मेहनत से लाखों दिलों का Hero बना बिट्टू तबाही! CM ने भी की तारीफ, अब डच CEO से मिला नौकरी का ऑफ़र

Saturday, Sep 05, 2026-09:38 PM (IST)

राजगढ़: मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के एक 20 साल के युवा ने न सिर्फ देश प्रदेश में बल्कि उसके जज्बे की चर्चा अब सात समंदर पार भी हो रही है। जी हां ब्यावरा के सुरेंद्र सिंह चौधरी, जिन्हें सोशल मीडिया पर बिट्टू तबाही के नाम से जाना जाता है, ने अकेले ही प्रदूषित अजनार नदी की सफाई का बीड़ा उठाया था। अब उनके इस काम से प्रभावित होकर दुनिया के प्रसिद्ध पर्यावरण संगठन द ओशन क्लीनअप के संस्थापक और CEO बोयान स्लैट ने उन्हें सीधे नौकरी का ऑफर दे दिया है।

राजगढ़ जिले के ब्यावरा निवासी सुरेंद्र सिंह चौधरी ने इस साल जनवरी में अजनार नदी की सफाई शुरू की थी। नदी प्लास्टिक कचरे, काई और मलबे से बुरी तरह प्रदूषित थी। सुरेंद्र ने बिना किसी सरकारी मदद के महीनों तक अकेले मेहनत की और नदी के बड़े हिस्से को साफ कर दिया। बताया जा रहा है कि इस अभियान में सुरेंद्र ने अपनी जेब से करीब 30 हजार रुपये भी खर्च किए। उन्होंने नदी की सफाई से पहले और बाद का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया, जो तेजी से वायरल हो गया।

सुरेंद्र के इस कार्य के सीएम मोहन यादव भी कायल हुए थे। उन्हें सीएम निवास बुलाकर सम्मानित भी किया है। इससे पहले उद्योगपति आनंद महिंद्रा भी सुरेंद्र सिंह चौधरी के नदी सफाई अभियान की तारीफ कर चुके हैं। अब सुरेंद्र के इस काम की गूंज विदेश तक पहुंच गई है। नीदरलैंड्स के मशहूर इन्वेंटर और पर्यावरण संगठन द ओशन क्लीनअप के संस्थापक बोयान स्लैट ने उनके सोशल मीडिया पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा— “Come work for us”, यानी हमारे लिए काम करने आओ।

स्लैट ने सिंह के काम के बारे में X पोस्ट पर सीधे एक आसान मैसेज के साथ प्रतिक्रिया दी: "हमारे लिए काम करने आएं।" इस ऑफ़र ने जल्द ही दूसरे यूज़र्स का ध्यान खींचा, एक व्यक्ति ने लिखा, "यह उनके लिए ज़िंदगी बदलने वाला मौका हो सकता है। मुझे सच में उम्मीद है कि यह ऑफ़र असली है, क्योंकि वह वाकई इस मौके के हकदार हैं।" एक और व्यक्ति ने कमेंट किया, "कितना शानदार मौका है। ऐसा ऑफ़र मिलना वाकई बहुत किस्मत की बात है।" एक तीसरे यूज़र ने कहा, "वह बिल्कुल वैसे ही व्यक्ति हैं जिन्हें मैं ऑफ़र देना चाहता था।" 

बता दें कि बोयान स्लैट 'द ओशन क्लीनअप' के फ़ाउंडर और CEO हैं, जो नीदरलैंड्स की एक संस्था है और समुद्र में प्लास्टिक प्रदूषण से निपटने के लिए समाधान विकसित करने और उन्हें बड़े पैमाने पर लागू करने का काम करती है। बोयान स्लैट का यह ऑफर अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। लोग सुरेंद्र के जज्बे की जमकर तारीफ कर रहे हैं और इसे उनके लिए जिंदगी बदल देने वाला मौका बता रहे हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

meena

Related News