BJP की बढ़त पर दिग्गज मंत्री कैलाश विजयवर्गीय हुए इमोशनल, ममता बनर्जी पर कह दी ये बड़ी बात
Monday, May 04, 2026-02:14 PM (IST)
इंदौर। (सचिन बहरानी): मध्य प्रदेश के इंदौर से भाजपा के वरिष्ठ नेता और मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने पश्चिम बंगाल में पार्टी को मिल रही बढ़त पर भावुक प्रतिक्रिया दी है। चुनावी रुझानों के बीच विजयवर्गीय की आंखें नम हो गईं और उन्होंने इसे देश के लिए बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा, मुझे खुद अंदाजा नहीं है कि मुझे कितनी खुशी हो रही है। यह सिर्फ एक राजनीतिक जीत नहीं, बल्कि देश के लिए एक बड़ा तोहफा है।
विजयवर्गीय ने अपने पश्चिम बंगाल के अनुभवों को याद करते हुए कहा कि वहां पार्टी के कार्यकर्ताओं ने बेहद कठिन परिस्थितियों में काम किया। उन्होंने दावा किया कि उनके खिलाफ भी कई तरह के प्रकरण दर्ज किए गए थे, जिनमें गंभीर आरोप भी शामिल थे।
इस दौरान विजयवर्गीय ने विपक्षी नेताओं पर भी निशाना साधा। उन्होंने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन और तृणमूल कांग्रेस के नेता अभिषेक बनर्जी पर तंज कसते हुए कहा कि जनता अब बदलाव चाहती है और यह परिणाम उसी का संकेत है।
विजयवर्गीय के अनुसार, पश्चिम बंगाल में भाजपा की बढ़त कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के भरोसे का परिणाम है। उन्होंने इसे लोकतंत्र की जीत बताते हुए कहा कि आने वाले समय में राज्य की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।

