पूर्व मंत्री के खास BJP नेता ने महिला कार्यकर्ता के साथ ऑफिस में घुसकर JE की ईज्जत की तार-तार, चप्पलों से पीटा, बिजली चोरी केस दर्ज करने की सजा
Tuesday, Jun 09, 2026-11:30 PM (IST)
(सागर): मध्य प्रदेश के सागर जिले से एक ऐसा नजारा सामने आया है जो सिस्टम और प्रशासन पर गहरा औऱ गंभीर किस्म का सवाल खड़े कर रहा है। दरअसल सिस्टम को झकझोरता ये वीडियो खुरई से आया है जो वायरल हो रहा है। यहां बिजली विभाग के जूनियर इंजीनियर (JE) की चप्पलों से उनके आफिस में कुछ लोगों ने पिटाई कर दी और पिटाई करने में एक महिला भी शामिल थी। महिला तो हाथ में चप्पल लेकर अधिकारी को पीटा। बताया जा रहा है कि पुराने बिजली चोरी के प्रकरण को लेकर महिला ऐसी भड़की कि अपने साथियों के साथ सीधे ऑफिस में घुस गई और JE पर सरेआम अटैक कर दिया। इस हमले से वहां पर सनसनी मच गई। पूरी घटना CCTV में कैद हो गई है।
मारपीट का वीडियो खड़े कर रहा है कई सवाल

खुरई की राजनीति में एक बार फिर ऐसा घटनाक्रम सामने आया है जिसने कानून व्यवस्था, राजनीतिक संरक्षण और प्रशासनिक निष्पक्षता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आरोप है कि पूर्व मंत्री एवं खुरई विधायक के करीबी, शहरी थाना टीआई योगेन्द्र सिंह दांगी के चहेते, भाजपा नेता एवं पूर्व अध्यक्ष अधिवक्ता संघ खुरई संतोष सिंह दांगी ने एक भाजपा महिला मोर्चा कार्यकर्ता मेवा लोधी के साथ जेई के आफिस में घुसकर मारपीट की।

विद्युत विभाग के अधिकारी के कार्यालय में घुसकर मारपीट, गाली-गलौज और चप्पलों से हमला किया गया और जेई की इज्जत तार-तार कर दी गई। इस पूरे कांड के पीछे जो कारण है वो कम हैरान करने वाला नहीं है। बताया जा रहा है कि विद्युत विभाग के अधिकारी ने संबंधित महिला के विरुद्ध बिजली चोरी का प्रकरण दर्ज कर दिया था। बस इसी का सबक सिखाने महिला ने ऐसा काम कर डाला। इस दौरान ऑफिस में हड़कंप मच गया। स्टाफ ने बीच-बचाव कर किसी तरह मामला शांत कराया।
वहीं शिकायत के बाद सागर पुलिस ने महिला सहित चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। उन पर SC-ST एक्ट और सरकारी कार्य में बाधा डालने की धाराएं लगाई गई हैं। इस सनसनीखेज घटना के बाद विभागीय कर्मचारियों में भी गुस्सा देखा जा रहा है।

