अफसर ने पूर्व मंत्री से कहा - तमीज से बात कीजिए आक्रोशित हुए कार्यकर्ता
Friday, Jun 26, 2026-04:02 PM (IST)
उमरिया। किसानों की समस्याओं को लेकर कांग्रेस के धरने के दौरान उमरिया जिले के मानपुर में उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल और तहसीलदार के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। प्रशासन और कांग्रेस नेताओं के बीच शुरू हुई सामान्य बातचीत देखते ही देखते बहस में बदल गई, जिससे धरना स्थल पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान तहसीलदार जब पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल की ओर देख रहे थे, तभी उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा, आंख मत दिखाइए। इस पर तहसीलदार ने भी पलटकर जवाब दिया, आप भी तमीज से बात कीजिए। दोनों के बीच हुई इस तीखी बातचीत के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता आक्रोशित हो गए और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी।
स्थिति उस समय और गर्मा गई जब तहसीलदार ने कहा कि उन्हें धमकाया जा रहा है। वहीं कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि अधिकारी ही आंदोलनकारियों के साथ अभद्र व्यवहार कर रहे हैं। कुछ देर तक दोनों पक्षों के बीच बहस का दौर चलता रहा, हालांकि बाद में मौजूद लोगों ने माहौल शांत कराया।
दरअसल, कांग्रेस किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर प्रदर्शन कर रही थी। प्रदर्शनकारी अपनी मांगों को सीधे कलेक्टर के सामने रखने और उन्हें ही ज्ञापन सौंपने की मांग पर अड़े थे। प्रशासन की ओर से तहसीलदार आंदोलनकारियों को समझाने पहुंचे, लेकिन बातचीत सहमति तक नहीं पहुंच सकी।
कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कलेक्टर के आने का करीब छह घंटे तक इंतजार किया, लेकिन वे मौके पर नहीं पहुंचे। आखिरकार अपर कलेक्टर धरना स्थल पहुंचे, उन्होंने प्रदर्शनकारियों से चर्चा की, उनकी मांगों का ज्ञापन स्वीकार किया और उचित कार्रवाई का भरोसा दिया। इसके बाद कांग्रेस ने अपना धरना समाप्त कर दिया। किसानों के मुद्दों पर आयोजित यह प्रदर्शन प्रशासन और कांग्रेस नेताओं के बीच तीखी बहस के कारण चर्चा का विषय बन गया। धरना स्थल पर हुई नोकझोंक का वीडियो भी अब तेजी से वायरल हो रहा है।

