Punjab Kesari MP ads

भाजपा विधायक की विधायकी पर मंडराया खतरा ! क्या MP की इस सीट पर होंगे उपचुनाव?

Friday, Oct 30, 2026-03:39 PM (IST)

कटनी : मध्यप्रदेश में दतिया से कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती के बाद अब कटनी जिले के बड़वारा से भाजपा विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। विधायक पर चुनाव के दौरान नामांकन पत्र के साथ दिए गए शपथ पत्र में अपने खिलाफ दर्ज आपराधिक प्रकरण की जानकारी छिपाने का आरोप लगा है। सूचना के अधिकार यानी RTI के तहत मिली जानकारी के बाद यह मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त और जिला निर्वाचन अधिकारी से शिकायत कर विधायक की सदस्यता समाप्त करने की मांग की है। हालांकि, इस मामले में विधायक की सदस्यता पर अंतिम फैसला संबंधित कानूनी और निर्वाचन प्रक्रिया के तहत ही होगा।

PunjabKesari

दरअसल, भाजपा ने विधानसभा चुनाव में अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित बड़वारा सीट से धीरेंद्र बहादुर सिंह को अपना प्रत्याशी बनाया था। आरोप है कि नामांकन के दौरान दिए गए शपथ पत्र में उन्होंने अपने खिलाफ किसी भी आपराधिक प्रकरण के दर्ज नहीं होने की जानकारी दी थी। लेकिन RTI एक्टिविस्ट राघवेंद्र सिंह द्वारा मांगी गई जानकारी में उनके खिलाफ पुराने आपराधिक मामले का उल्लेख सामने आया है।

जानकारी के मुताबिक, बड़वारा पुलिस थाने ने लिखित जवाब में बताया है कि धीरेंद्र बहादुर सिंह, पिता स्वर्गीय रणधीर सिंह के खिलाफ अपराध क्रमांक 99/2000 दर्ज है। इस मामले में भारतीय दंड संहिता की धाराओं 448, 324, 325 और 506 का उल्लेख किया गया है।

PunjabKesari

RTI एक्टिविस्ट राघवेंद्र सिंह का आरोप है कि विधायक ने जानबूझकर अपने चुनावी हलफनामे में आपराधिक प्रकरण की जानकारी छिपाई। उन्होंने इस संबंध में मुख्य चुनाव आयुक्त और जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर को ईमेल के माध्यम से शिकायत भेजी है। शिकायत में मामले की जांच कर विधायक की सदस्यता समाप्त करने की मांग की गई है।

अब सवाल यह है कि क्या चुनावी हलफनामे में कथित तौर पर गलत जानकारी देने का मामला भाजपा विधायक की विधायकी पर भारी पड़ेगा? फिलहाल, आरोपों की जांच और सक्षम प्राधिकारी के निर्णय के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

meena

Related News