पेट्रोल बचाने के लिए ‘मैडम बीजेपी विधायक’ ने छोड़ी कार, साइकिल चलाना किया शुरू
Wednesday, May 13, 2026-03:20 PM (IST)
खंडवा (मुश्ताक मंसूरी): बचत भी, सेहत भी - इसी मंत्र के साथ खंडवा की भाजपा विधायक कंचन तनवे गुरुवार सुबह साइकिल चलाते हुए दादा दरबार पहुंचीं। पीएम मोदी की ‘पेट्रोल बचाओ’ अपील के बाद विधायक ने यह कदम उठाया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने की देशवासियों से की गई अपील का असर अब जनप्रतिनिधियों पर भी साफ दिखाई देने लगा है। खंडवा से भाजपा विधायक कंचन तनवे ने इसकी मिसाल पेश करते हुए गुरुवार को अपनी दिनचर्या में बड़ा बदलाव किया। रोजाना कार से दादा दरबार दर्शन करने पहुंचने वाली विधायक तनवे आज सुबह अपने आवास से साइकिल चलाकर दादा दरबार पहुंचीं।
विधायक का साइकिल से दरबार पहुंचना लोगों के लिए कौतूहल का विषय बन गया। दर्शन के बाद विशेष बातचीत में विधायक कंचन तनवे ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने हाल ही में देशवासियों से ईंधन बचत की अपील की थी। उसी अपील से प्रेरित होकर उन्होंने यह निर्णय लिया है।
विधायक ने कहा, “हम जनप्रतिनिधि हैं, इसलिए बदलाव की शुरुआत हमें खुद से करनी होगी। मैंने संकल्प लिया है कि अब सप्ताह में एक दिन साइकिल या इलेक्ट्रिक बाइक से ही दादा दरबार दर्शन करने आऊंगी। इससे पेट्रोल-डीजल की बचत होगी और पर्यावरण को भी लाभ मिलेगा।
उन्होंने आगे कहा कि पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दाम और विदेशी मुद्रा भंडार पर पड़ने वाले बोझ को देखते हुए हर नागरिक को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। यदि हर व्यक्ति सप्ताह में एक दिन भी निजी वाहन का उपयोग न करे, तो देश में करोड़ों लीटर ईंधन की बचत संभव है।
विधायक ने बताया कि साइकिल चलाने से न केवल ईंधन बचेगा, बल्कि स्वास्थ्य भी बेहतर रहेगा। उन्होंने कहा, “आजकल की भागदौड़ भरी जिंदगी में व्यायाम के लिए समय नहीं मिल पाता। ऐसे में साइकिल चलाना सेहत के लिए बेहतरीन विकल्प है।
दादा दरबार में मौजूद श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों ने विधायक की इस पहल की खुलकर सराहना की। कई युवाओं ने कहा कि विधायक को साइकिल चलाते देख उन्हें भी प्रेरणा मिली है और वे भी सप्ताह में एक दिन साइकिल का उपयोग करेंगे। लोगों ने विधायक के साथ सेल्फी भी ली और उनके संकल्प की तारीफ की।
गौरतलब है कि विधायक कंचन तनवे नियमित रूप से दादा दरबार दर्शन करने जाती हैं। उनका यह कदम खंडवा में चर्चा का विषय बना हुआ है। पर्यावरण विशेषज्ञों का मानना है कि यदि जनप्रतिनिधि इस तरह की पहल करेंगे, तो आम जनता पर इसका सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। विधायक ने दिनभर के अन्य शासकीय कार्यों के लिए भी यथासंभव साइकिल के उपयोग का इरादा जताया है। उनकी यह पहल ‘स्वस्थ भारत, बचत वाला भारत’ के संदेश को मजबूती देती है।

