भीषण सड़क हादसे में BJP विधायक के भाई समेत 3 लोगों की मौत, डिप्टी CM ने दी श्रद्धांजलि
Thursday, Oct 15, 2026-06:16 PM (IST)
डेस्क : छत्तीसगढ़ के भाजपा विधायक पुन्नूलाल मोहले के भाई समेत 3 लोगों की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। हादसा जरहागांव थाना क्षेत्र के दशरंगपुर गांव में हुआ जहां तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने तीनों को टक्कर मार दी, भीषण टक्कर में भाजपा विधायक के भाई अधीन मोहले और दोनों साथी गंभीर रूप से घायल हो गए और अस्पताल में इलाज के दौरान तीनों ने दम तोड़ दिया।
वरिष्ठ भाजपा नेता, पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ विधायक मा. श्री पुन्नूलाल मोहले जी के भाई श्री अधीन दास मोहले जी के सड़क दुर्घटना में आकस्मिक निधन का समाचार अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक है। मैं उन्हें वर्षों से जानता था, ये बहुत ही दुखद समाचार है समस्त मुंगेली जिले के लिए! मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं, कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति एवं संबल प्रदान करें। भावपूर्ण श्रद्धांजलि। ॐ शांति। 🙏
— Arun Sao (@ArunSao3) October 15, 2026
जानकारी के अनुसार, टक्कर के बाद पिकअप वाहन चालक वहां से फरार हो गया। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। यहां तीनों ने दम तोड़ दिया। हादसे में जान गंवाने वाले लोगों की पहचान अधीन मोहले निवासी आवासपारा दशरंगपुर, बल्लू बघेल पिता तिजऊ राम और गंगा राम निवासी रेहुंटा के रूप में हुई है।
भीषण सड़क हादसे के बाद इलाके में शोक की लहर छा गई। सूचना मिलते ही विधायक पुन्नूलाल मोहले जिला अस्पताल पहुंचे। विधायक के भाई की मौत की खबर लगते ही उनके समर्थक और भाजपा कार्यकर्ता अस्पताल पहुंचने लगे। पोस्टमार्टम के बाद मृतकों के शव परिजनों को सौंप दिए गए है।
भाजपा विधायक के भाई को लोग नम आंखों से श्रद्धांजलि दे रहे हैं। उनका अंतिम संस्कार आज शाम उनके गृह गांव दशरंगपुर में किया जाएगा। हादसे में हुई तीन मौतों ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। हर तरफ गम का माहौल है। फिलहाल पुलिस मामला दर्ज कर फरार पिकअप वाहन चालक की तलाश में जुट गई है।

