Punjab Kesari MP ads

BJP विधायक के बेटे पर कोर्ट का सबसे बड़ा एक्शन! फरार घोषित, स्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी

Friday, Jul 10, 2026-12:15 PM (IST)

ग्वालियर। मध्यप्रदेश की राजनीति और न्यायिक गलियारों से जुड़ी एक महत्वपूर्ण खबर सामने आई है। ग्वालियर स्थित एससी-एसटी विशेष न्यायालय ने भाजपा विधायक प्रीतम सिंह लोधी के बेटे दिनेश लोधी के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए उन्हें फरार घोषित कर दिया है। अदालत ने लगातार गैरहाजिर रहने और गिरफ्तारी वारंट का पालन नहीं होने पर आरोपी के विरुद्ध स्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी करने के आदेश दिए हैं।

न्यायालय ने अपने आदेश में स्पष्ट किया है कि आरोपी की अनुपस्थिति को देखते हुए केस डायरी में लाल स्याही से आरोपी फरार है दर्ज किया जाए। इसके साथ ही पुलिस को निर्देश दिए गए हैं कि आरोपी की तलाश कर उसे जल्द से जल्द गिरफ्तार कर अदालत के समक्ष प्रस्तुत किया जाए।

जानकारी के अनुसार, दिनेश लोधी के खिलाफ ग्वालियर के पुरानी छावनी थाना क्षेत्र में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत मामला दर्ज है। इस प्रकरण में 28 दिसंबर 2023 को पहली बार गिरफ्तारी वारंट जारी हुआ था, लेकिन उसके बाद भी आरोपी लगातार अदालत में पेश नहीं हुआ। पुलिस द्वारा भी वारंट की तामील नहीं हो सकी, जिसके चलते अदालत ने अब उन्हें फरार घोषित करते हुए स्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी कर दिया।

दिनेश लोधी इससे पहले भी विवादों में रह चुके हैं। हाल ही में शिवपुरी जिले के पिछोर क्षेत्र में थार वाहन से एक व्यक्ति को कुचलने के प्रयास के आरोपों को लेकर उनका नाम सुर्खियों में आया था। ऐसे में ग्वालियर कोर्ट की यह कार्रवाई राजनीतिक और कानूनी दोनों ही दृष्टि से अहम मानी जा रही है।

अदालत के इस फैसले के बाद पुलिस पर आरोपी की जल्द गिरफ्तारी का दबाव बढ़ गया है। वहीं, इस मामले ने प्रदेश की सियासत में भी नई चर्चा छेड़ दी है और विपक्ष को सरकार पर सवाल उठाने का एक नया मुद्दा मिल गया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News