दिग्विजय सिंह को BJP में शामिल होने का खुला ऑफर, विधायक बोले- ''महाराज आ गए, अब राजा भी आ जाएं
Thursday, Jul 02, 2026-12:10 PM (IST)
भोपाल। मध्यप्रदेश की राजनीति में एक बार फिर बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के बीच मतभेदों की चर्चाओं के बीच भारतीय जनता पार्टी के विधायक प्रीतम सिंह लोधी ने ऐसा बयान दिया है, जिसने सियासी गलियारों में नई बहस छेड़ दी है।
मीडिया से बातचीत के दौरान प्रीतम सिंह लोधी ने दिग्विजय सिंह को भाजपा में शामिल होने का खुला न्योता देते हुए कहा कि यदि वह चाहें तो बिना किसी शोर-शराबे के भाजपा का दामन थाम सकते हैं। उन्होंने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा कि महाराज तो पहले ही भाजपा में आ चुके हैं, अब राजा भी आ जाएं तो पार्टी में राजा और महाराजा की जोड़ी बन जाएगी।
भाजपा विधायक ने दिग्विजय सिंह के राजनीतिक अनुभव की सराहना करते हुए उन्हें अनुभवी नेता बताया। वहीं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें वरिष्ठ नेताओं से राजनीतिक सीख लेने की जरूरत है। उनके इस बयान को कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति पर तंज के रूप में देखा जा रहा है।
इधर, कांग्रेस के भीतर मतभेदों को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच भाजपा नेता का यह बयान राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बन गया है। विपक्ष इसे भाजपा की राजनीतिक रणनीति बता रहा है, जबकि सत्तारूढ़ दल के नेताओं का कहना है कि उनके दरवाजे सभी के लिए खुले हैं।
फिलहाल दिग्विजय सिंह या कांग्रेस की ओर से इस बयान पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। हालांकि, मध्यप्रदेश की राजनीति में इस बयान ने नए राजनीतिक कयासों को जरूर जन्म दे दिया है। आने वाले दिनों में इस पर दोनों दलों की प्रतिक्रिया और राजनीतिक गतिविधियों पर सभी की नजरें रहेंगी।

