Punjab Kesari MP ads

जाम में फंसे BJP विधायक के गनरों ने ग्रामीणों से की गाली-गलौज, कैमरा ऑन होते ही विधायक ने मांगी माफी

Monday, Jun 22, 2026-12:10 PM (IST)

डबरा। (भरत रावत): ग्वालियर जिले के डबरा क्षेत्र में भितरवार विधानसभा से विधायक मोहन सिंह राठौर के गनरों का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में विधायक के सुरक्षा कर्मियों पर आम लोगों के साथ गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार करने के आरोप लग रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, सड़क पर एक ट्रॉली पलट जाने के कारण लंबा जाम लग गया था। इसी दौरान जाम में फंसे विधायक के काफिले और स्थानीय ग्रामीणों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि विधायक के दो गनरों ने मौके पर मौजूद लोगों से अभद्र भाषा का प्रयोग किया, जिसके बाद विवाद बढ़ गया।

वायरल वीडियो में एक युवक विधायक मोहन सिंह राठौर से शिकायत करते हुए दिखाई दे रहा है। युवक का कहना है कि, आप हमारे विधायक हैं, अपने गार्डों को समझाइए, ये लगातार गाली-गलौज कर रहे हैं। वीडियो में विधायक मोहन सिंह राठौर भी मौजूद नजर आ रहे हैं। विवाद बढ़ता देख विधायक ने मौके पर स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया। वायरल वीडियो में विधायक यह कहते हुए सुनाई दे रहे हैं कि यदि उनके गनर द्वारा किसी प्रकार की गलत बात कही गई है तो वह इसके लिए माफी मांगते हैं।

घटना का वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। हालांकि, इस मामले को लेकर अभी तक प्रशासन या पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो को लेकर लोग विभिन्न प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। अब देखना यह होगा कि वायरल वीडियो के बाद संबंधित सुरक्षा कर्मियों के खिलाफ कोई कार्रवाई होती है या मामला केवल माफी तक ही सीमित रह जाता है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News