BJP समर्थित नपा अध्यक्ष ने दूसरी पत्नी पर लगाया ₹1.5 करोड़ की ब्लैकमेलिंग का आरोप, FIR दर्ज
Wednesday, Jul 08, 2026-01:36 PM (IST)
राजगढ़। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में भाजपा समर्थित नगर पालिका अध्यक्ष विनोद साहू और उनकी दूसरी पत्नी के बीच विवाद अब पुलिस तक पहुंच गया है। अध्यक्ष की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि उनकी दूसरी पत्नी ने कथित तौर पर डेढ़ करोड़ रुपये की मांग की और रकम नहीं मिलने पर झूठे आपराधिक मामले में फंसाने की धमकी दी।
पुलिस के अनुसार, शिकायत में कहा गया है कि 8 मई 2026 से 8 जुलाई 2026 के बीच आरोपित महिला लगातार मानसिक दबाव बनाकर बड़ी धनराशि की मांग करती रही। शिकायतकर्ता का कहना है कि जब उन्होंने रुपये देने से इनकार किया तो उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई। आरोप है कि महिला ने आत्महत्या करने और उसका जिम्मेदार बताकर झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी भी दी।
शिकायत के आधार पर राजगढ़ कोतवाली पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 308(4) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और दोनों पक्षों के बयान, उपलब्ध दस्तावेजों तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
यह मामला ऐसे समय सामने आया है जब नगर पालिका अध्यक्ष विनोद साहू पहले से ही अन्य विवादों को लेकर चर्चा में हैं। हाल ही में एक पुराने मारपीट प्रकरण में न्यायालय ने उन्हें तीन माह के कारावास की सजा सुनाई थी। इसके अलावा नगर परिषद के एक कर्मचारी ने भी उनके खिलाफ जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए अलग शिकायत दर्ज कराई थी।
अब दूसरी पत्नी की ओर से कथित ब्लैकमेलिंग, डेढ़ करोड़ रुपये की मांग और झूठे प्रकरण में फंसाने की धमकी के आरोपों ने इस पूरे मामले को नया मोड़ दे दिया है। फिलहाल पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही आरोपों की सत्यता स्पष्ट हो सकेगी और उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

