लव जिहाद के आरोपियों के घरों पर चला बुलडोजर, कांग्रेस बोली- ये गलत है, भाजपा बोलीं- कोई भी हो बख्शा नहीं जाएगा

Saturday, Sep 13, 2025-03:58 PM (IST)

भोपाल (इजहार खान) : मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में टीआईटी कॉलेज की छात्रा के साथ हुए लव जिहाद के आरोपियों के घरों पर शनिवार को बुलडोजर चला। इस कार्रवाई में आरोपी साहिल और साद का मकान गिराया गया। वहीं एक अन्य आरोपी फरहान के मकान पर बुलडोजर कार्रवाई अभी होना बाकी है, क्योंकि मामला कोर्ट में है जिसका फैसला आना बाकी है। वहीं इस कार्रवाई को लेकर मध्य प्रदेश में सियासत शुरु हो गई है। भाजपा जहां कार्रवाई को लेकर गदगद है और इस तरह के फैसलों पर स्वागत किया है, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस ने इसे गलत ठहराया है। कांग्रेस का कहना है कि बुलडोजर चलाने की जरूरत क्या थी?

PunjabKesari

लव जिहाद का आरोपी कोई भी हो उसे बख्शा नहीं जाएगा- विश्वास सारंग

मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि लव जिहाद जैसा कुकृत्य मध्यप्रदेश और देश में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। लव जिहाद का आरोपी कोई भी हो उसे बख्शा नहीं जाएगा। मोहन यादव की सरकार आरोपियों के खिलाफ सख़्त कार्यवाही करने के लिए कटिबद्ध है। आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होगी। भोपाल में आज जो कार्रवाई हुई है वो स्वागत योग्य है। लव जिहाद समाज के लिए एक काला दाग है। लव जिहाद जैसा कुकृत्य करने वाले समाज में रहने लायक नहीं हैं। आरोपियों के अवैध संपत्तियों को कानून के तहत जमींदोज किया गया है। कोई भी व्यक्ति कितना ही बड़ा क्यों ना उसे बख्शा नहीं जायेगा। यदि अगर कोई संगठित गिरोह है उस पर भी सख़्त कार्रवाई होगी।

PunjabKesari

कांग्रेस ने कार्रवाई को बताया गलत

वहीं कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक ने सरकार की बुलडोजर कार्रवाई को गलत बताया है। उन्होंने कहा कि बीजेपी के पास सिर्फ दो ही हथियार हैं। एक FIR दर्ज करा देंगे और दूसरा घर गिरा देंगे। बीजेपी की इस आदेश से जनता में भय व्याप्त है।

PunjabKesari

ये है पूरा मामला

टीआईटी कॉलेज में आरोपी साद, साहिल और फरहान ने नाम बदलकर पहले लड़की से मित्रता बढ़ाई फिर उसका यौन शोषण किया। इसी कड़ी में प्रशासन ने आरोपियों साद और साहिल के अर्जुन नगर स्थित मकानों पर बुलडोजर चलाया। गोविंदपुरा एसडीएम रवीशकुमार श्रीवास्तव और तहसीलदार सौरभ वर्मा की मौजूदगी में यह कार्रवाई की गई। जिला एवं सत्र न्यायालय से कोई स्थगन आदेश नहीं मिलने के बाद प्रशासन ने नियमानुसार कार्रवाई की। पुलिस बल की कड़ी मौजूदगी में सरकारी जमीन पर बने अवैध कब्जे को हटाया गया। वहीं तीसरे आरोपी फरहान के मकान का न्यायालय में मामला होने के कारण आज सुनवाई होने के बाद फ़ैसला होगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

meena

Related News