दीपावली से पहले युवाओं को सुनहरा मौका! प्रदेश CM ने खोला नौकरी का पिटारा, 1,703 पदों पर भर्ती; इस तारीख तक करें आवेदन
Friday, Nov 06, 2026-01:33 PM (IST)
CG desk: छत्तीसगढ़ सरकार ने दीपावली से पहले विभिन्न विभागों में 1,703 रिक्त पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार की इस पहल के तहत छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल ने समूह-2, तृतीय श्रेणी (स्नातकोत्तर एवं स्नातक स्तर), उपसमूह-02 के पदों के लिए कल देर रात अधिसूचना जारी की है। मंडल पहली बार इन पदों पर नियुक्ति के लिए लिखित भर्ती परीक्षा आयोजित करेगा।
जानकारी के अनुसार, भर्ती प्रक्रिया के अंतर्गत सर्वाधिक सहायक ग्रेड-3 के 1,206 पद निर्धारित किए गए हैं। इसके अतिरिक्त सहायक उप निरीक्षक (जिला इकाई संवर्ग) के 279 पद, शीघ्रलेखक (हिंदी) के 30, उप निरीक्षक-अ (शीघ्रलेखक, सामान्य शाखा) के 34, स्टेनो टाइपिस्ट के 23, डाटा एंट्री ऑपरेटर के 25, शीघ्रलेखक (द्विभाषी) के 13, पंजीयक लिपिक के 50, सहायक उप निरीक्षक-अ (सामान्य शाखा) के 40 और शीघ्रलेखक (अंग्रेजी) के तीन पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। मंडल की ओर से जारी कार्यक्रम के मुताबिक ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया पांच नवंबर 2026 से प्रारंभ हो चुकी है। इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी 27 नवंबर 2026 को शाम पांच बजे तक आवेदन प्रस्तुत कर सकेंगे।
आवेदन पत्र में किसी प्रकार की त्रुटि होने पर अभ्यर्थियों को 28 से 30 नवंबर 2026 तक शाम पांच बजे तक संशोधन का अवसर दिया जाएगा। इन पदों के लिए लिखित परीक्षा 10 जनवरी 2027 को सुबह 10 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक आयोजित की जाएगी। परीक्षा के प्रवेश पत्र चार जनवरी 2027 से मंडल की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराए जाएंगे। परीक्षा का आयोजन प्रदेश के पांच संभागीय मुख्यालयों में किया जाएगा।
भर्ती प्रक्रिया में छत्तीसगढ़ के स्थानीय निवासी अभ्यर्थियों को परीक्षा शुल्क वापसी का प्रावधान भी किया गया है। इसके तहत परीक्षा में उपस्थित होने वाले स्थानीय अभ्यर्थियों को नियमानुसार परीक्षा शुल्क उसी बैंक खाते में वापस किया जाएगा, जिससे शुल्क का भुगतान किया गया होगा। अभ्यर्थी भर्ती से संबंधित विस्तृत अधिसूचना, पात्रता शर्तों, आवेदन प्रक्रिया तथा अन्य आवश्यक जानकारी छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल की आधिकारिक वेबसाइट पर प्राप्त कर सकते हैं।

