सरकार चली गई, लेकिन कांग्रेसियों की दो नंबर की कमाई करने की आदत नहीं गई- भाजपा नेता
Monday, Sep 07, 2026-03:20 PM (IST)
रायपुर (पुष्पेंद्र सिंह) : छत्तीसगढ़ एनएसयूआई (NSUI) के प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडेय और उनके परिवार के सदस्यों पर हाल ही में ठगी और पैसों के लेनदेन (गबन) के गंभीर आरोप लगे हैं। इस मुद्दे को लेकर विपक्षी दलों ने कांग्रेस पार्टी पर जमकर निशाना साधा है। इसी कड़ी में भाजपा प्रवक्ता अमित चिमनानी का बड़ा बयान सामने आया है।
दरअसल, रायपुर में एक पीड़ित ने आरोप लगाया है कि नीरज पांडेय, उनके भाई और उनके चाचा ने सरकारी नौकरी (DKS अस्पताल में), मेडिकल फ्रैंचाइजी (सिप्ला कंपनी की डीलरशिप), रेत खदान और कैंटीन ठेका दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी की है।
भाजपा प्रवक्ता अमतित चिमनानी ने NSUI प्रदेश अध्यक्ष पर लगे गबन के आरोपों पर कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। चिमनानी ने कहा कि कांग्रेस की सरकार तो चली गई लेकिन कांग्रेसियों की भ्रष्टाचार करने और दो नंबर की कमाई करने की आदत नहीं गई। भूपेश सरकार जैसी चली वैसा ही काम युवा नेताओं ने सीखा। कांग्रेस के सीनियर नेता हो या जूनियर सबको भ्रष्टाचार से प्यार है।
चिमनानी ने कहा कि कांग्रेस नेता पलाश मल्होत्रा ने तो ड्राई डे पर चुपके चुपके शराब बेचने का काम किया। वे अबकी बार के युवा चुनाव में महासचिव के उम्मीदवार भी हैं। बता दें कि जन्माष्टमी के त्योहार में प्लैटिनम बार संचालक कांग्रेस नेता पलाश मल्होत्रा शराब बेचते गिरफ्तार हुए हैं। हिंदू त्योहार में ड्राई-डे की घोषणा थी। इसके बावजूद कांग्रेस नेता ने बेची और वे रंगे हाथों पकड़े गए।

