Punjab Kesari MP ads

‘बाबूजी’ की कमी हमेशा रहेगी…RSS प्रचारक एवं भाजपा नेता के निधन पर भावुक हुए शिवराज सिंह, जताया शोक

Friday, Sep 04, 2026-01:40 PM (IST)

भोपाल: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रचारक, पूर्व भाजपा संगठन मंत्री और राष्ट्रीय कवि संगम के राष्ट्रीय अध्यक्ष रहे जगदीश मित्तल का निधन हो गया। उनकी आयु 78 वर्ष थी और बीते 5 दिनों से उनका दिल्ली के अस्पताल में इलाज चल रहा था। उनके निधन से संघ परिवार, भाजपा और साहित्यिक जगत में शोक की लहर है। उनके निधन पर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शोक प्रकट किया है।

शिवराज सिंह चौहान ने शोसल मीडिया पर भावुक पोस्ट करते हुए लिखा-  जगदीश मित्तल का निधन हृदय को व्यथित करने वाला है। वे ऐसे निष्काम कर्मयोगी थे, जिनका जीवन राष्ट्र के प्रति पूर्णतः समर्पित रहा। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रचारक के रूप में उन्होंने राष्ट्रकार्य को अपना जीवनधर्म बनाया। अपने सहज, सरल और आत्मीय व्यवहार के कारण उनसे जुड़े सभी लोग उन्हें स्नेह और श्रद्धा से ‘बाबूजी’ कहते थे। स्वयं कवि न होते हुए भी उन्होंने कवियों को प्रोत्साहित किया, उन्हें जोड़ा और राष्ट्रीय कवि संगम के माध्यम से साहित्य में राष्ट्रीय चेतना के विस्तार का महत्वपूर्ण कार्य किया। बाबूजी का जाना एक ऐसे कर्मठ व्यक्तित्व का जाना है, जिसकी कमी लंबे समय तक महसूस होगी। ईश्वर से प्रार्थना है कि उनके संकल्पों को आगे बढ़ाने का सामर्थ्य हम सबको मिले। यही उन्हें हमारी सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

बता दें कि जगदीश मित्तल लंबे समय तक राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रचारक रहे हैं। इसके बाद उन्होंने भाजपा संगठन मंत्री के रूप में भी जिम्मेदारी संभाली। संगठन के विस्तार और कार्यकर्ताओं को जोड़ने में उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वर्तमान में वह राष्ट्रीय कवि संगम के राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

meena

Related News