मामा के बेटे का हाथ थामा...फिर छूट गया साथ, गणपति विसर्जन हादसे में भाजपा नेता ने खोए दो जवान बेटे, शोक में डूबा शहर!
Saturday, Sep 26, 2026-04:43 PM (IST)
खंडवा (मुश्ताक मंसूरी) : अनंत चतुर्थी पर जहां देशभर में गणेश विसर्जन की धूम थी और श्रद्धालु हर्षोल्लास के साथ बप्पा को विदाई दे रहे थे, वहीं खंडवा जिले में एक परिवार पर दुखों का पहाड़ गिर गया। यहां भाजपा नेता मोंटू ठाकुर के दो जवान पुत्रों विश्वास और लक्ष्य की पानी के गहरे गड्ढे में डूबने से मौत हो गई। भाजपा नेता हादसे के करीब 6 घंटे बाद SDRF और गोताखोरों की टीम ने दोनों के शव बाहर निकाले। घटना के वक्त साथ मौजूद दोस्तों ने हादसे की पूरी कहानी बताई।

शुक्रवार को गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए गांव में प्रशासन द्वारा अलग स्थान तय किया गया था, जहां सुरक्षा के इंतजाम भी किए गए थे। लेकिन विश्वास, लक्ष्य और उनके तीन दोस्त गांव से कुछ दूर स्थित गिट्टी खदान के गड्ढे में विसर्जन के लिए पहुंच गए। प्रतिमा की पूजा-अर्चना करने के बाद विश्वास और लक्ष्य पानी की गहराई देखने के लिए नीचे उतरे। दोस्तों के मुताबिक उस वक्त पानी कम नजर आ रहा था।

मृतकों के फुफेरे भाई वैभव ने बताया कि प्रतिमा विसर्जन के बाद सभी बाहर निकल रहे थे, तभी विश्वास डूबता दिखाई दिया। उसे बचाने के लिए लक्ष्य भी पानी में कूद गया। इसके बाद वह और दो अन्य दोस्त भी उन्हें बचाने के लिए पानी में उतर गए। वैभव ने बताया कि उसने विश्वास का हाथ पकड़ लिया था, लेकिन कुछ ही पल बाद उसका हाथ छूट गया। वैभव भी डूबने लगा, जिसे ग्रामीणों ने किसी तरह बाहर निकाल लिया, लेकिन विश्वास और लक्ष्य पानी से बाहर नहीं आ सके।
वहीं साथी लक्की मालवीय ने बताया कि विसर्जन के बाद बाहर निकलते समय विश्वास का पैर फिसल गया। उसे बचाने की कोशिश में अन्य साथी भी पानी में फंस गए। ग्रामीणों ने तीन युवकों को बाहर निकाल लिया, लेकिन विश्वास और लक्ष्य गहरे पानी में समा गए।

सूचना मिलते ही SDRF और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और करीब 6 घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। काफी मशक्कत के बाद दोनों भाइयों के शव बाहर निकाले गए। कलेक्टर ने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि गांव में गणेश विसर्जन के लिए एक स्थान निर्धारित किया गया था, जहां सुरक्षा के इंतजाम भी किए गए थे। लेकिन युवक दूसरे स्थान पर पहुंचकर विसर्जन करने लगे और यह दुखद हादसा हो गया। जिला प्रशासन पीड़ित परिवार के साथ है और हरसंभव मदद की जाएगी। दो भाइयों की एक साथ मौत से परिवार में मातम पसरा है, वहीं गांव में भी शोक का माहौल है।

