MP में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान हादसा: भाजपा नेता के दोनों बेटों की मौत, शव मिलते ही रो पड़ीं विधायक
Saturday, Sep 26, 2026-01:54 PM (IST)
खंडवा (मुश्ताक मंसूरी): मध्य प्रदेश के खंडवा से सटे ग्राम नहलादा में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान हुए दर्दनाक हादसे में डूबे भाजपा नेता मोंटू ठाकुर के दोनों बेटों के शव करीब 6 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बरामद कर लिए गए। गोताखोरों और एसडीआरएफ की टीम ने लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर दोनों शवों को बाहर निकाला। इस दौरान खंडवा विधायक कंचन मुकेश तनवे करीब 6 घंटे तक घटनास्थल पर मौजूद रहीं। जैसे ही दोनों बच्चों के शव बाहर निकाले गए, दर्दनाक मंजर देखकर विधायक की आंखों से आंसू छलक पड़े।
दरअसल, शुक्रवार को ग्राम नहलादा में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान गिट्टी खदान में बने गहरे गड्ढे में पांच युवक डूब गए थे। हादसे की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। प्रशासनिक अमला भी घटनास्थल पर पहुंच गया, लेकिन गोताखोरों की कमी को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी देखने को मिली। इसके बाद ओंकारेश्वर से विशेषज्ञ गोताखोरों को बुलाया गया।
करीब 6 घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद विश्वास और लक्ष्य के शव बरामद किए गए। दोनों शवों को जिला अस्पताल भेजा गया, जहां शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।इस दर्दनाक घटना के दौरान खंडवा विधायक कंचन मुकेश तनवे लगातार घटनास्थल पर मौजूद रहीं। शव बरामद होने के बाद भावुक विधायक ने कहा, “मैं भी एक मां हूं, बच्चों के बिछड़ने का दर्द समझ रही हूं। इस दुख की घड़ी में मोंटू ठाकुर के परिवार पर जो दुखों का पहाड़ टूटा है, उसे सहन करना आसान नहीं है। हम सभी इस परिवार के साथ खड़े हैं। वहीं, खंडवा कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने भी हादसे पर गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा कि यह बेहद दुखद घटना है। प्रशासन की ओर से परिवार को हर संभव मदद उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।

