राज्य के युवाओं के लिए बड़ी खबर! व्यापम ने जारी की शिक्षक भर्ती की संभावित तिथियां

Friday, Feb 27, 2026-10:21 PM (IST)

रायपुर। छत्तीसगढ़ में शिक्षक भर्ती का इंतजार कर रहे लाखों युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल यानी CG Vyapam ने शिक्षक भर्ती परीक्षा को लेकर संभावित तिथियां जारी कर दी हैं। लंबे समय से अटकी इस भर्ती प्रक्रिया को लेकर अब युवाओं में एक बार फिर उम्मीद जगी है।

दरअसल, व्यापम द्वारा 15 अक्टूबर 2025 को जारी परीक्षा कैलेंडर में शिक्षक भर्ती परीक्षाओं के लिए कुछ तिथियां आरक्षित रखी गई थीं। अब इन्हीं आरक्षित तिथियों के आधार पर स्कूल शिक्षा विभाग के अंतर्गत होने वाली शिक्षक भर्ती परीक्षाओं की संभावित तारीखें सामने आई हैं।

सूत्रों के मुताबिक, शिक्षक भर्ती के लिए तीन अलग-अलग संभावित तिथियां तय की गई हैं। इन परीक्षाओं के माध्यम से प्रदेश के सरकारी स्कूलों में प्राथमिक शिक्षक, उच्च प्राथमिक शिक्षक और व्याख्याता जैसे पदों पर भर्ती की जाएगी। इससे न केवल बेरोजगार युवाओं को रोजगार का अवसर मिलेगा, बल्कि राज्य की शिक्षा व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

व्यापम ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा से संबंधित दिशा-निर्देश, एडमिट कार्ड, परीक्षा केंद्र और अन्य जरूरी अपडेट के लिए मंडल की आधिकारिक वेबसाइट पर नियमित रूप से विजिट करते रहें। क्योंकि फिलहाल ये तिथियां संभावित हैं, ऐसे में अंतिम परीक्षा तिथि और विस्तृत नोटिफिकेशन जल्द जारी किया जा सकता है।

गौरतलब है कि प्रदेश में शिक्षक भर्ती की प्रक्रिया को लेकर लंबे समय से अभ्यर्थी आंदोलन और मांग कर रहे थे। कई उम्मीदवारों की तैयारी सिर्फ तारीख तय न होने की वजह से अटकी हुई थी। अब संभावित तिथियों के सामने आने से अभ्यर्थियों को अपनी तैयारी को फाइनल टच देने का मौका मिलेगा।

विशेषज्ञों का मानना है कि उम्मीदवारों को अब सिलेबस के अनुसार रिवीजन तेज कर देना चाहिए, पुराने प्रश्नपत्रों का अभ्यास करना चाहिए और मॉक टेस्ट के जरिए अपनी तैयारी को परखते रहना चाहिए।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News