Punjab Kesari MP ads

रातभर थाने के गेट पर बैठी युवती, BJP नेताओं पर धमकी का आरोप; FIR की मांग पर अड़ी

Monday, Sep 28, 2026-06:32 PM (IST)

छिंदवाड़ा। धमकी दिए जाने के आरोप में मामला दर्ज कराने की मांग को लेकर छिंदवाड़ा में एक युवती ने पुलिस के खिलाफ नहीं, बल्कि कार्रवाई की मांग को लेकर थाने के बाहर ही धरना शुरू कर दिया। दीपिका नाम की युवती रविवार रात करीब 10 बजे से कोतवाली थाने के मुख्य गेट पर बैठी हुई है। सोमवार सुबह तक उसका धरना जारी रहा और 12 घंटे से अधिक समय बीतने के बावजूद FIR दर्ज नहीं होने पर उसने थाने से हटने से इनकार कर दिया।

दीपिका ने भाजपा जिला उपाध्यक्ष योगेंद्र राणा और दुर्गा वाहिनी की जिला अध्यक्ष श्रद्धा पटेल के खिलाफ धमकी देने के आरोप में प्रकरण दर्ज करने की मांग की है। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने स्थिति को देखते हुए महिला थाना पुलिस को भी कोतवाली बुलाया। महिला पुलिसकर्मियों ने युवती से बातचीत कर उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन दीपिका अपनी शिकायत पर कार्रवाई होने तक धरना जारी रखने की बात पर अड़ी रही।

फोन पर विवाद के बाद बढ़ा मामला

बताया जा रहा है कि विवाद की शुरुआत शनिवार देर रात फोन पर हुई बातचीत के दौरान हुई थी। दीपिका का आरोप है कि फोन पर विवाद के बाद श्रद्धा पटेल गुलाबरा क्षेत्र स्थित उसके घर के आसपास पहुंचीं। युवती का दावा है कि इस दौरान उसे जान से मारने की धमकी दी गई।

इसके बाद दीपिका ने कोतवाली थाने पहुंचकर पुलिस को शिकायत दी और संबंधित लोगों के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की। उसका कहना है कि घटना के दौरान श्रद्धा पटेल के साथ भाजपा जिला उपाध्यक्ष योगेंद्र राणा भी मौके पर मौजूद थे।

CCTV फुटेज का भी दिया हवाला

दीपिका ने पुलिस के सामने अपनी शिकायत के समर्थन में CCTV फुटेज का हवाला दिया है। उसका दावा है कि घटनास्थल के आसपास लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग में योगेंद्र राणा दिखाई दे रहे हैं। इसी आधार पर वह दोनों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रही है।

हालांकि, पुलिस ने अभी आरोपों को लेकर अंतिम निष्कर्ष नहीं दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच की जा रही है।

दोनों पक्षों से मिले आवेदन

रविवार देर शाम CSP अभिषेक चौधरी भी कोतवाली थाने पहुंचे और धरने पर बैठी दीपिका से बातचीत की। पुलिस के अनुसार, इस मामले में दोनों पक्षों की ओर से आवेदन प्राप्त हुए हैं। अधिकारियों द्वारा शिकायतों के साथ-साथ CCTV फुटेज और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों को देखा जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News