Punjab Kesari MP ads

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बुलाई बैठक, अधिकारियों को दिए जरूरी निर्देश

Saturday, Apr 11, 2026-01:31 PM (IST)

भोपालः मुख्यमंत्री मोहन यादव (Chief Minister Mohan Yadav) ने आगामी माह बालाघाट में आयोजित होने वाले जनजातीय महोत्सव के संबंध में समीक्षा बैठक की। बैठक में संबंधित अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। सीएम ने कहा कि वर्षों से नक्सल समस्या से प्रभावित रहे बालाघाट में अब तेजी से विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। बैठक में जनजातीय कार्य मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह और मुख्य सचिव अनुराग जैन सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि महोत्सव में सांस्कृतिक और खेल गतिविधियों के साथ विभिन्न विभागों द्वारा स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप शिविर आयोजित किए जाएं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा मेगा स्वास्थ्य शिविर और सिकल सेल स्क्रीनिंग, शिक्षा सुविधाओं का विस्तार, महिलाओं और बच्चों के कल्याण तथा रोजगार सृजन से जुड़े कार्यों पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि नक्सल गतिविधियों से प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाए तथा दिव्यांगजनों को भी विभिन्न योजनाओं का लाभ दिया जाए। महोत्सव में जनजातीय संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए बैगा समुदाय के लोक नृत्य, बिदरी, बीज पंडूम और बड़ा देव पूजा जैसे पारंपरिक आयोजनों के साथ बोरा दौड़, मटका रेस और तीरंदाजी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।

इसके अलावा बैगा महिलाओं की गोदना कला के प्रदर्शन, पारंपरिक व्यंजनों के फूड स्टॉल और जड़ी-बूटी विशेषज्ञों का सम्मेलन भी आयोजित किया जाएगा। स्व-सहायता समूहों द्वारा निर्मित उत्पादों के स्टॉल भी लगाए जाएंगे। बैठक में बताया गया कि इस महोत्सव में विभिन्न विभागों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी और पड़ोसी जिलों तथा छत्तीसगढ़ से भी जनजातीय समाज की भागीदारी होगी।


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Vandana Khosla

Related News