महासमुंद जिले में पहुंचे मुख्यमंत्री साय, बरगद पेड़ के नीचे लगाई चौपाल, ग्रामीणों की सुनीं समस्याएं; कई घोषणाएं भी की
Saturday, May 23, 2026-11:25 AM (IST)
महासमुंद (सोहेल अकरम): मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सुशासन तिहार के अंतर्गत महासमुंद जिले के विकासखंड बागबाहरा अंतर्गत ग्राम कमरौद पहुंचकर बरगद पेड़ के नीचे ग्रामीणों के बीच चौपाल लगाई और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जमीनी स्थिति की जानकारी ली। इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने मां दुर्गा मंदिर कमरौद में पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर सांसद रूपकुमारी चौधरी, विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा आदि उपस्थित थे।
भीषण गर्मी के बीच गांव के विशाल बरगद के पेड़ के नीचे आयोजित चौपाल में मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों से आत्मीय संवाद करते हुए कहा कि सरकार गांव-गांव पहुंचकर यह जानना चाहती है कि लोगों को राशन, बिजली, प्रधानमंत्री आवास, महतारी वंदन योजना सहित अन्य योजनाओं का लाभ सही तरीके से मिल रहा है या नहीं। उन्होंने कहा कि उनका सौभाग्य है कि वे कमरौद गांव पहुंचे हैं। चौपाल में मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार, विशेष सचिव रजत बंसल, संभागायुक्त श्याम धावड़े, कलेक्टर विनय लंगेह तथा पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने ग्रामीण महिलाओं से महतारी वंदन योजना की राशि मिलने की जानकारी ली। इस दौरान महिलाओं ने बताया कि उन्हें नियमित रूप से राशि प्राप्त हो रही है। मुख्यमंत्री ने बताया कि अब तक वे प्रदेश के 16 जिलों का दौरा कर चुके हैं और लोगों से सीधे संवाद कर रहे हैं। चौपाल के दौरान मुख्यमंत्री ने गांव के 5वीं कक्षा के छात्र पूर्वांश साहू से मुस्कुराते हुए पूछा कि सेल्फी लेंगे क्या? जिसके बाद छात्र ने उत्साहपूर्वक मुख्यमंत्री के साथ सेल्फी ली।
किसानों से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान में खाद संकट की स्थिति बनी हुई है, जिसका एक कारण अंतर्राष्ट्रीय परिस्थितियां और खाड़ी युद्ध भी है। इसके बावजूद सरकार किसानों को समय पर खाद उपलब्ध करा रही है। उन्होने नैनो यूरिया के उपयोग को बढावा देने की बात कही । चौपाल में मुख्यमंत्री द्वारा तीन दिव्यांग हितग्राहियों को सहायक उपकरण प्रदान किया गया। मुख्यमंत्री ने ग्राम कमरौद में आयोजित चौपाल के दौरान ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार गांवों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और ग्रामीणों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। ग्रामीणों की मांगों पर सहमति जताते हुए मुख्यमंत्री ने महिलाओं के लिए सर्वसुविधायुक्त भवन निर्माण की घोषणा की। इस भवन में महिलाओं के सामाजिक, सांस्कृतिक एवं स्व-सहायता समूहों से जुड़ी गतिविधियों के संचालन हेतु आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे महिलाओं को एक बेहतर मंच मिल सकेगा।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने कमरौद से चरोदा तक लगभग 4 किलोमीटर लंबी सड़क निर्माण की घोषणा की। सड़क निर्माण से दोनों गांवों के बीच आवागमन सुगम होगा तथा ग्रामीणों को शिक्षा, स्वास्थ्य और बाजार तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कमरौद में मुक्ति धाम निर्माण की भी घोषणा की।

