CM डॉ. मोहन यादव की छात्रों को बड़ी सौगात! 11 मेधावी विद्यार्थियों को सौंपी स्कूटी की चाबी, उनसे संवाद भी किया
Saturday, Sep 19, 2026-11:45 AM (IST)
भोपालः आज यानी शुनिवार को भोपाल के शासकीय सुभाष उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में ‘मुख्यमंत्री स्कूटी योजना’ के अंतर्गत कार्यक्रम आयोजित किया गया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राज्य स्तरीय स्कूटी वितरण कार्यक्रम में सम्मिलित मेधावी विद्यार्थियों पर पुष्पवर्षा कर उनका सम्मान किया। इस अवसर पर उनकी मेहनत और उपलब्धियों का उत्साहवर्धन किया।

भोपाल में ‘मुख्यमंत्री स्कूटी योजना’ के अंतर्गत राज्य स्तरीय स्कूटी वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। सीएम मोहन ने करीब 11 मेधावी विद्यार्थियों को स्कूटी की चाबी सौंपी है। बताया गया कि शासकीय विद्यालयों के मेधावी विद्यार्थियों को लगभग 1 लाख रुपए तक कीमत वाली स्कूटी प्रदान की गई है। स्कूटी मिलने से विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई के लिए कॉलेज आने-जाने में सुविधा होगी। वहीं, मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मेधावी विद्यार्थियों से भविष्य के सपनों की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्कूटी चलाते समय सभी बच्चे यातायात नियमों का पालन करें।

CM मोहन ने मेधावी विद्यार्थियों से किया संवाद, भविष्य के सपनों की ली जानकारी
एमपी टॉपर खुशी राय ने बताया कि यह स्कूटी उन्हें कॉलेज आने-जाने में मदद करेगी। वह सीए की तैयारी कर रही हैं।
किसान परिवार से आने वाले छात्र आकाश साहू ने बताया कि स्कूटी मिलने से काफी खुश हूं। मैं एग्रीकल्चर स्टार्टअप शुरू करना चाहता हूं। इसके लिए सभी जरूरी लाइसेंस और तैयारियां तेजी से जारी हैं।
छात्र रवि केवट और छात्रा मरियम खान दोनों ने सीए बनने की इच्छा जताई।
देवेश गुप्ता ने बताया कि सांदीपनि विद्यालयों में अब अच्छी सुविधाएं मिल रही हैं।
मिनी जैन ने नीट परीक्षा पास कर न्यूरोसर्जन बनने की इच्छा जताई।
रानी सांपले उच्च शिक्षा हासिल कर वकील बनना चाहती हैं।
खुशी यादव एमबीबीएस करना चाहती हैं।
शिव कुमार कौल ने विकसित भारत के सपने को पूरा करने के लिए सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग में आगे बढ़ने की बात कही।


