छतरपुर में बनेगा महाराजा छत्रसाल की स्मृति में विशाल स्मारक: शिवराज सिंह, गौरव दिवस पर CM ने की कई बड़ी घोषणाएं

6/2/2023 8:23:23 PM

छतरपुर (राजेश चौरसिया) : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज छतरपुर के गौरव दिवस और लाडली बहना सम्मेलन में महाराजा छत्रसाल की पुण्य स्मृति में छतरपुर में विशाल स्मारक बनाये जाने की घोषणा की। यह स्मारक महाराजा छत्रसाल के कृतित्व और व्यक्तित्व तथा गौरव गाथा पर आधारित होगा। मुख्यमंत्री ने छतरपुर में नगरपालिका परिषद के स्थान पर नगर निगम के गठन की भी घोषणा की। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि काफी लंबे समय से जिस ठेकेदार द्वारा छतरपुर मेडिकल कॉलेज का निर्माण प्रारंभ नहीं किया गया, उसका टेंडर निरस्त कर अब नए टेंडर के आदेश दिए गए हैं। शीघ्र ही छतरपुर में 300 करोड़ रुपये की लागत से मेडिकल कॉलेज का निर्माण कार्य शुरू होगा। उन्होंने कहा कि महाराजा छत्रसाल महान योद्धा और शौर्य के प्रतीक थे। उन्होंने हिन्दू स्वराज को स्थापित किया। ऐसे शूरवीर और महापुरुष से हमें प्रेरणा लेनी चाहिए।

PunjabKesari

बेटियों के महत्व को प्रतिपादित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बेटी बोझ नहीं वरदान है। बेटियों के महत्व को समझते हुए ही लाड़ली लक्ष्मी योजना शुरू की गई। मध्यप्रदेश सरकार ने स्थानीय चुनावों में आधी सीटें महिलाओं को आरक्षित है, जिसके फलस्वरूप महिलाएं बड़ी संख्या में आज पंच, सरपंच, पार्षद आदि पदों पर विराजमान है। बेटियों और महिलाओं के लिए महत्व दिए जाने से मध्यप्रदेश में सामाजिक क्रांति हुई है। महिलाओं के नाम संपत्ति खरीदने पर पंजीयन शुल्क में छूट दी गई है। प्रधानमंत्री आवास पति-पत्नी दोनों के नाम से है। भू-अधिकार पट्टे भी पति-पत्नी के नाम से दिए जा रहे हैं। मध्यप्रदेश सरकार ने गरीब बहनों के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए एक हजार रुपये 10 जून को प्रतिमाह उनके खाते में डालने का ऐतिहासिक निर्णय लिया है। पात्र बहनों में साल में 12 हजार तथा पांच साल में 60 हजार रुपये मिलेंगे। यदि घर में वृद्ध मां या सास है तो उन्हें मिलने वाली पेंशन भी अब एक हजार होगी।

PunjabKesari

संबोधन के दौरान कलेक्टर से जानकारी लेकर मुख्यमंत्री ने बताया कि छतरपुर जिले में लाडली बहना योजना के तहत 3 लाख 18 हजार 690 फार्म भरे गए है। इनमें से 2 लाख 90 हजार की डीबीटी हो गई है। सीएम चौहान ने शेष भी डीबीटी से जोड़ने के निर्देश दिए है। चौहान ने बताया कि 8 जून को गांवों में विशेष ग्रामसभा होगी जिसमें पात्र महिलाओं के नाम बताए जाएंगे। स्वीकृति पत्र घर पहुंचाया जाएगा। उन्होंने लाडली बहनों से कहा कि वे 9 जून की शाम गांव में गीत गाए क्योंकि उनके खाते में पैसा आने वाला है। 10 जून की शाम 5 बजे गांवों में कार्यक्रम होंगे तथा शाम 6 बजे मैं स्वयं वर्चुअली महिलाओं से चर्चा करूंगा। उसके बाद उनके खातों में पैसा आ जाएगा। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि प्रत्येक ग्राम एवं वार्डों में लाडली बहना सेना का गठन होगा। छोटे गांव में 11 तथा बड़े गांव में 21 बहनों की सेना बनेगी। उन्होंने कहा कि आजीविका मिशन के स्व सहायता समूहों की बहनों की आय प्रतिमाह 10 हजार हो ऐसे प्रयास होगे।

PunjabKesari

चौहान ने बताया कि शराब की दुकान के साथ अहातें बंद करने का निर्णय लिया जा चुका है। कक्षा 12वीं में ज्यादा नंबर लाने वाली बालिकाओं को स्कूटी देने का निर्णय भी लिया गया है। गरीबों को पीएम आवास और जमीन का पट्टा देकर जमीन का मालिक बनाया जा रहा है। चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश की धरती पर आतंकवाद नहीं पनपने दिया जाएगा। आतंकवाद की गतिविधियों में लिप्त लोगों को जेल भेजा गया। दमोह में एक स्कूल की घटना पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि इस मामले की जांच कराई जा रही है, दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा और नई शिक्षा के अनुसार व्यवस्था लागू रहेगी। कर्ज माफी नहीं होने से जिन किसानों पर ब्याज चढ़ गया था उनके ब्याज माफ किए गए हैं। केन-बेतवा लिंक परियोजना से बुन्देलखण्ड क्षेत्र की सिंचाई में क्रांति आएगी।

PunjabKesari

इस अवसर पर छतरपुर गौरव दिवस के प्रभारी और मध्यप्रदेश शासन के राजस्व एवं परिवहन मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि मध्य प्रदेश सरकार ने छतरपुर के साथ कभी भेदभाव नहीं किया। हमेशा छतरपुर सागर सहित संपूर्ण बुंदेलखंड के विकास के लिए अपने दोनों हाथ से विकास योजनाएं देने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि सागर में केंद्रीय विश्वविद्यालय बनने के बाद छतरपुर में महाराजा छत्रसाल विश्वविद्यालय राज्य स्तरीय विश्वविद्यालय बनाया गया है। आज पांच करोड़ 12 लाख रुपए की लागत से भवन का लोकार्पण किया गया।

PunjabKesari

●प्रतिभाओं का सम्मान...

छतरपुर गौरव दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री चौहान ने जिले के गौरव डॉ मनोज चौधरी सर्जन जिला चिकित्सालय, जल सहेली गंगा राजपूत एवं बबीता राजपूत, प्रकाश दुबे कक्षा 12वीं में मध्यप्रदेश में टॉप, तृप्ति कटहेल समाजसेवी, संजय शर्मा एडवोकेट एवं मानसिक रोगियों की निशुल्क सेवा का उपचार, जयप्रकाश पटेरिया लोक कलाकार, गणेश देव चौहान भजन गायक, विभिन्न प्रतियोगिताओं की विजेता कृतिका प्रजापति वैशाली ताम्रकार ख्याति अग्रवाल रागनी कुशवाहा अपराजिता सोनी का मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा महाराजा छत्रसाल की प्रतिमा देकर सम्मान किया गया। इसके अलावा आवासीय भू अधिकार योजना अंतर्गत यशोदा रैकवार पुत्री जागेश्वर रैकवार, कन्देची बसोर, बाबूलाल को पट्टे के प्रमाण पत्र भेंट किए। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जिला प्रशासन छतरपुर के द्वारा किए गए नवाचार तेजस्विनी द रूलर टेक्नीशियन जल निगम के महिला हितग्राहियों जिसमें गोसिया नूर फातिमा, साक्षी अहिरवार, नीतू अहिरवार, फूलवती विश्वकर्मा, अनामिका भारती को टेक्नीशियन किट देकर सम्मानित किया।

PunjabKesari

●भूमि पूजन एवं लोकार्पण...

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने छतरपुर गौरव दिवस के अवसर पर 790 करोड़ 6 लाख से अधिक के कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। 5 करोड़ 12 लाख रुपए की लागत से महाराजा छत्रसाल विश्वविद्यालय के भवन का लोकार्पण किया। इसी के साथ उन्होंने मध्यप्रदेश ग्रामीण सड़क विकास प्राधिकरण परियोजना क्रियान्वयन इकाई छतरपुर के चार कार्यों जिसकी लागत 17 करोड़  69 लाख, जल संसाधन विकास छतरपुर के तीन कार्य लागत 11 करोड़ 3 लाख, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की 14 कार्य लागत 17 करोड़ 60 लाख मध्य प्रदेश जल निगम परियोजना क्रियान्वयन इकाई पन्ना के दो कार्य 595 करोड़ 55 लाख, लोक निर्माण विभाग पीआईयू छतरपुर के पांच कार्य 17 करोड़ 87 लाख, जिला शहरी विकास अभिकरण छतरपुर की दो कार्य 3 करोड़ 26 लाख, मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के दो कार्य 5 करोड़ 81 लाख, लोक निर्माण विभाग संभाग छतरपुर के 43 करोड़ 16 लाख के कार्यों का भूमि पूजन पूरे विधि विधान के साथ किया गया।

PunjabKesari

मुख्यमंत्री चौहान ने मध्यप्रदेश ग्रामीण सड़क विकास प्राधिकरण के 3 कार्य लागत 9 करोड़ 7 लाख, लोक निर्माण विभाग पीआईयू के चार कार्य लागत 12 करोड़ 52 लाख, जिला शहरी विकास अभिकरण के एक कार्य 60 करोड़ 50 लाख के कार्यों का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री चौहान ने गौरव दिवस के कार्यक्रम स्थल पर स्व सहायता समूह की महिला सदस्यों, उद्योग, उद्यानिकी, महिला बाल विकास, आयुष, वन विभाग सहित अन्य विभागों द्वारा लगाई गई उत्पादों की प्रदर्शनी का अवलोकन कर सदस्यों से चर्चा की। मुख्यमंत्री चौहान के कार्यक्रम स्थल पहुंचने पर स्व सहायता समूह की 31 महिला सदस्यों द्वारा सिर पर कलश रखकर स्वागत किया गया। स्थानीय कलाकारों द्वारा दिवारी, लोक नृत्य, लोक गायन, लोक नाट्य और आल्हा गायन की प्रस्तुति की गई। खेल एवं युवा कल्याण विभाग के खिलाड़ियों द्वारा मलखंब का प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अतिथियों के साथ महाराजा छत्रसाल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर कन्या पूजन भी किया। इसके अलावा मुख्यमंत्री चौहान को पूर्व मंत्री ललिता यादव के नेतृत्व में लाड़ली बहनों द्वारा 35 मीटर लंबी चुनरी एवं बड़ी राखी भेंट की गई।

PunjabKesari

इस मौके पर संभागायुक्त डॉ वीरेन्द्र सिंह रावत, पुलिस महानिरीक्षक प्रमोद वर्मा, कलेक्टर संदीप जी.आर., पुलिस अधीक्षक अमित सांघी सहित अन्य अधिकारी और बड़ी संख्या में लाड़ली बहने एवं जनसमुदाय उपस्थित था।इसके अलावा कार्यक्रम में राजस्व एवं परिवहन मंत्री गोविन्द सिंह राजपूत, सांसद विष्णुदत्त शर्मा, विधायक प्रद्युम्न सिंह लोधी, राजेश शुक्ला, राजेश प्रजापति, जिला पंचायत अध्यक्ष विद्या अग्निहोत्री, नगरपालिका अध्यक्ष ज्योति चौरसिया, मुकेश चतुर्वेदी, पूर्वमंत्री ललिता यादव, पूर्वमंत्री मानवेंद्र सिंह, पूर्व विधायक उमेश शुक्ला, विजय बहादुर सिंह बुन्देला, पुष्पेन्द्र नाथ पाठक, रेखा यादव, मलखान सिंह, सुरेन्द्र चौरसिया, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष अर्चना गुड्डू सिंह, महाराजा छत्रसाल विश्वविद्यालय के कुलपति टी.आर. थापक सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

meena

Recommended News

Related News