प्रदेश में चहुंओर विकास का परचम लहरा रहा है: मुख्यमंत्री मोहन यादव

Sunday, Sep 07, 2025-06:13 PM (IST)

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि हमारे गांव स्वावलम्बन की अद्भुत मिसाल हैं। वर्तमान वैश्विक परिदृश्य में स्वदेशी को अपनाते हुए आत्मनिर्भरता और स्वावलम्बन  के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पूरा देश एकजुट है। हमारी इस सामर्थ्य के परिणाम स्वरूप ही देश की कीर्ती गाथा सम्पूर्ण विश्व में गूंज रही हैऔर स्वामी विवेकानंद का कथन की "21 वीं सदी भारत की होगी" साकार हो रहा है। गर्व का विषय है कि स्वामी विवेकानंद अर्थात श्रद्धेय नरेन्द्र नाथ दत्त की भावना को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने चरितार्थ किया है। देश के गरीब, युवा, अन्नदात और महिलाओं का कल्याण तथा विकास तपोनिष्ट प्रधानमंत्री श्री मोदी की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सौभाग्य का विषय है कि प्रधानमंत्री मोदी ने इसी माह प्रदेश आगमन के लिए स्वीकृति प्रदान की है। राज्य सरकार ने प्रदेश के किसी भी क्षेत्र में विकास और जनकल्याण के लिए कभी भी संसाधनों की कमी नहीं होने दी, इसी का परिणाम है कि प्रदेश में चहुंओर विकास का परचम लहरा रहा है। जबकि अन्य दलों की सरकारें विकास के लिए सदैव संसाधनों के अभाव का बहाना बनाती रहीं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव मऊगंज को 241.33 करोड़ रूपये के विकास कार्यों की सौगात देने के अवसर पर देवतालाब स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। साथ ही मऊगंज के संयुक्त जिला कार्यालय भवन का शिलान्यास भी मुख्यमंत्री डॉ. यादव के कर कमलों से संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विभिन्न हितग्राही मूलक योजनाओं के हितलाभ भी वितरित किए। उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल, पशुपालन एवं डेयरी राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) लखन पटेल, सांसद जनार्दन मिश्र और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं विधायक गिरीश गौतम उपस्थित थे।

PunjabKesari

विश्व की सभी महत्वपूर्ण नीतियों के निर्धारण में भारत केंद्र बिंदु है

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि ऋषि श्रृंगी का अद्भुत मंदिर आस्था, इतिहास और आनंद का केंद्र है। यहां पंचतत्व से बने शरीर और पांच महाभूतों से बनी सृष्टि के लघु रूप में दर्शन होते हैं। प्रयागराज और काशी  विश्वनाथ के बीच बसा यह स्थान देवताओं की अभिरूचि की अभिव्यक्ति है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि उनके स्वयं के लिए भी देवतालाब आगमन सदैव सुखद और भाग्यशाली रहा है। उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति ने विश्व को मानवता का विचार देते हुए जीवन जीने का सही मार्ग प्रशस्त किया। वर्तमान में भी प्रधानमंत्री श्री मोदी की प्रभावशीलता के परिणाम स्वरूप विश्व की सभी महत्वपूर्ण नीतियों के निर्धारण में भारत केंद्र बिंदु बना हुआ है। यह हम सबसके लिए गर्व-गौरव और स्वाभिमान का विषय है कि अमेरिका हो या दुनिया का कोई भी अन्य बड़ा देश, सभी प्रधानमंत्री श्री मोदी की स्वीकार्यता के लिए उत्सुक हैं।        

PunjabKesariखेत में किसान और सीमा पर जवान का सम्मान हमारी सरकार की प्राथमिकता है

मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने कहा कि खेत में किसान और सीमा पर जवान दोनों का सम्मान हमारी सरकार के लिए सर्वोपरि है। किसान सम्मान निधि तथा अन्य प्रोत्साहन गतिविधियों के माध्यम से राज्य सरकार किसान कल्याण के लिए निरंतर प्रयत्नशील है। पर्याप्त सिंचाई और बिजली की उपलब्धता प्रदेश के सभी क्षेत्रों में सुनिश्चित की जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि लाड़ली बहनों के खाते में जारी की जा रही राशि दीपावली के बाद से 1500 रुपए प्रतिमाह की जाएगी और वर्ष 2028 तक बहनों को प्रतिमाह 3000 रुपए अंतरित किए जाएंगे। 

मध्यप्रदेश को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि इस अंचल के चारों जिलों सीधी,सिंगरौली, मऊगंज और रीवा में भी सिंचाई सुविधा का निरंतर विस्तार हो रहा है। रीवा सोलर परियोजना की बिजली से दिल्ली की मेट्रो ट्रेन चल रही है। शीघ्र ही क्षेत्र में स्थापित होने वाले खाद्य प्रसंस्करण इकाई से युवाओं के लिए बड़ी संख्या में रोजगार के अवसर उपलब्धन होंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि उज्ज्वला गैस कनेक्शन योजना, स्वसहायता समूह की गतिविधियों ने बहनों के जीवन को आसान बनाया है। राज्य सरकार सभी क्षेत्रों में मध्यप्रदेश को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। 

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने की क्षेत्रीय आकांक्षाओं के अनुरूप निर्माण कार्यों की घोषणा

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने देवतालाब के कार्यक्रम में सांगीतिक प्रस्तुति देने वाले समूह को प्रोत्साहन स्वरूप 50 हजार रुपए, नृत्य मंडली के प्रत्येक सदस्य को 5 हजार रुपए, बनारस से आए दल को 25 हजार रुपए प्रदान करने की घोषणा की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने क्षेत्रीय मांगों को स्वीकार्य करते हुए अनेक निर्माण कार्यों की घोषणा की।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News