मंदिर हादसे में 3 मासूमों की मौत पर CM मोहन ने जताया शोक, परिजनों के लिए की राहत राशि की घोषणा

Tuesday, Feb 10, 2026-11:40 AM (IST)

भोपाल/मुरैना: मध्यप्रदेश के मुरैना जिले में निर्माणाधीन मंदिर से जुड़े हादसे में जान गंवाने वाली तीन मासूम बच्चियों के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने मृतकों के परिजन के लिए चार-चार लाख रुपए की राहत राशि की घोषणा की है। डॉ यादव ने कल रात सोशल मीडिया पर कहा,‘‘मुरैना जिले की जौरा तहसील के ग्राम अहरौली में निर्माणाधीन मंदिर की छत गिरने से तीन बच्चियों के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। इस घटना में सात अन्य व्यक्ति भी घायल हुए हैं, उनको उपचार प्रदान किया जा रहा है। मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपए एवं गंभीर रूप से घायलों को 50-50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं।‘‘

जौरा थाना क्षेत्र में कल एक निर्माणाधीन मंदिर की अचानक पटिया टूटने से उसके नीचे दबकर तीन बच्चियों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि पांच लोग घायल हो गए। ग्राम अहरौली में प्राचीन चामुंडा माता के मंदिर पर पिछले कुछ दिनों से मंदिर शिखर बनाने का काम चल रहा था। मंदिर में प्रसाद चढ़ाने के लिए कल अशोकनगर के मुंगावली निवासी सतीश गौड़ अपनी पत्नी पृथ्वी के साथ आए थे। दंपति मंदिर में प्रसाद चढ़ाने के लिए जैसे ही अंदर घुसा, अचानक मंदिर की पटिया एवं शिखर टूट गए, जिससे सतीश एवं उनकी पत्नी मलबे में दब गई।

मंदिर में खेल रही तीन बच्चियों की मौके पर ही मलबे में दबने से मौत हो गई, जबकि अन्य आधा दर्जन बच्चियां गंभीर रूप से घायल हो गई। मृतक बच्चियों में वैष्णवी सीकरवार (11), करिश्मा गोस्वामी (9) और छाया गोस्वामी (7) शामिल हैं। घायलों को इलाज के लिए कैलारस के शासकीय अस्पताल भिजवाया गया। माता का ये मंदिर इस क्षेत्र के प्राचीनतम मंदिरों में शामिल है। स्थानीय मान्यता के अनुसार शादी-ब्याह के अवसर पर लोग यहां अवश्य आते हैं। ग्रामीणों के अनुसार मंदिर में लगभग 7 वर्ष पूर्व भी निर्माण कार्य हुआ था। तब नई पटिया लगाई गई थी जिस पर कुछ दिनों से शिखर निर्माण कार्य चल रहा था।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

meena

Related News